




बिलासपुर।
बिलासपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में कई थानों के स्तर पर सख्त कार्रवाई की। कोनी, सरकंडा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में हथियार लेकर घूम रहे निगरानी बदमाश, सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने वाला आरोपी, शराब के लिए पैसे मांगकर जानलेवा हमला करने वाला बदमाश और शांति भंग की आशंका वाले लोगों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। सभी मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
कोनी में खंजर लेकर घूम रहा निगरानी बदमाश गिरफ्तार
थाना कोनी पुलिस ने मुखबिर सूचना पर बिरकोना भट्टी के पास घेराबंदी कर निगरानी बदमाश संजय ध्रुव (30) को पकड़ा। उसके पास से नुकीला लोहे का खंजर बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 605/2025 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कोनी थाना क्षेत्र में 4 गुंडा बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रवि कौशिक, सिद्धांत खरे, गोलू मोची और दीपक पात्रे के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
सरकंडा में साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई
थाना सरकंडा पुलिस ने साइबर टीप लाइन पर मिली शिकायत के आधार पर महिला और बच्चों से संबंधित अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले प्रदीप खाण्डे (22) को गिरफ्तार किया। आरोपी के मोबाइल को जप्त कर आईटी एक्ट की धारा 67बी और पॉक्सो एक्ट की धारा 15 में प्रकरण दर्ज किया गया।
शराब के लिए पैसे मांगने पर चाकू से हमला
सरकंडा क्षेत्र में दिनेश जायसवाल उर्फ छोटे (24) ने शराब पीने के लिए पैसे न देने पर युवक से गाली-गलौच कर धारदार चाकू से हमला किया। आरोपी को गिरफ्तार कर चाकू जप्त किया गया और आर्म्स एक्ट सहित बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
सिरगिट्टी में शांति भंग की आशंका पर 4 गिरफ्तार
थाना सिरगिट्टी पुलिस ने कुनाल धीरज, सदिल अली उर्फ शाहरुख, प्रदीप प्रजापति और श्याम लाल यादव के खिलाफ धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया।



