Latest news

थाना सरकण्डा में अचानक पहुंचे एसएसपी रजनेश सिंह, फरियादियों से सीधा संवाद, रिकॉर्ड से लेकर विवेचना तक हर शाखा की गहन समीक्षा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

Bilaspur बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस कप्तान रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने शनिवार को थाना सरकण्डा का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिसिंग की जमीनी स्थिति को करीब से परखा। फरियादियों से सीधे संवाद, सीसीटीएनएस और रीडर शाखा की बारीकी से जांच, लंबित अपराधों की समीक्षा और हालिया सख्त कार्रवाई—निरीक्षण के दौरान थाना सरकण्डा की हर गतिविधि फोकस में रही।
दिनांक 20 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा थाना सरकण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को निराकरण से जुड़े बिंदुओं पर अवगत कराया गया।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने सीसीटीएनएस कक्ष पहुंचकर सीसीटीएनएस ऑपरेटर से प्रणाली के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। थाना में पंजीबद्ध प्रकरणों से संबंधित सभी फार्म अद्यतन पाए गए। इस कार्य से संतुष्ट होकर सीसीटीएनएस आरक्षक रविशंकर ध्रुव को उत्कृष्ट कार्य हेतु ईनाम देने की घोषणा की गई।
इसके पश्चात रीडर शाखा का निरीक्षण किया गया। पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली गई। निरीक्षण में दिसंबर माह से पूर्व किसी भी पासपोर्ट सत्यापन का प्रकरण लंबित नहीं पाया गया। वहीं चरित्र सत्यापन के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया गया है। इस कार्य के लिए रीडर आरक्षक लालबहादुर कुर्रे को उचित ईनाम दिए जाने की अनुशंसा की गई। साथ ही शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विवेचक कक्ष के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं उपस्थित विवेचकों से पुराने लंबित अपराधों की जानकारी ली और प्रकरणों का अवलोकन किया। निरीक्षण में पाया गया कि विवेचक सउनि प्रवीण लाल एवं प्रधान आरक्षक राजेश्वर छत्री के पास वर्ष 2024 एवं उससे पूर्व का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है, जबकि वर्ष 2025 का मात्र एक-एक प्रकरण लंबित है। इस आधार पर दोनों को उत्कृष्ट कार्य के लिए उचित ईनाम देने की घोषणा की गई। अन्य विवेचकों को भी लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण से जुड़े बिंदुओं पर अवगत कराया गया।
निरीक्षण के दौरान समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में सतत गश्त सुनिश्चित करने, चोरी एवं नकबजनी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
थाना क्षेत्र के गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर कड़ी हिदायत देने तथा वर्तमान में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जानकारी भी ली गई।
थाना सरकण्डा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु निरंतर सघन एवं प्रभावी पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस द्वारा विगत दिवसों में 35 गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई है। आज ही 06 बदमाशों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस तथा 01 बदमाश के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। इनमें चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त और जेल से रिहा होने के बाद पुनः आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय पाए गए अपराधी भी शामिल हैं।
आज की गई आर्म्स एक्ट की कार्यवाही से संतुष्ट होकर प्रधान आरक्षक विजय पाण्डे को नगद ईनाम देने की घोषणा की गई। वहीं थाना के समग्र एवं सुचारु संचालन को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य को भी नगद ईनाम देने की घोषणा की गई।
निरीक्षण के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना सरकण्डा के समस्त विवेचकों से अपराध निराकरण की प्रगति पर चर्चा की गई तथा वर्ष के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को उचित ईनाम दिए जाने की बात कही गई।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।