Latest news

बिलासपुर संभाग में 2197 गौवंशों की मृत्यु, एक भी गौ अभ्यारण नहीं

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

विधानसभा में विधायक अटल श्रीवास्तव के सवाल पर मंत्री का लिखित जवाब
बिलासपुर | 15 दिसंबर 2025
बिलासपुर संभाग में वर्ष 2023 से 2025 के बीच कुल 2197 गौवंशों की मृत्यु का मामला विधानसभा में सामने आया है। यह जानकारी कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा पूछे गए अतरांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में पशुधन विकास एवं आदिमजाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने दी।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने विधानसभा सत्र के दौरान तीन बिंदुओं पर सरकार से जानकारी मांगी थी।
उन्होंने पूछा था कि—
(क) वर्ष 2023 से 2025 के बीच बिलासपुर संभाग में सड़क दुर्घटनाओं में कितने गौवंशों की मृत्यु हुई, इसकी जिलेवार जानकारी क्या है।
(ख) गौशाला एवं गौधामों में इस अवधि में कितने गौवंशों की मृत्यु हुई, इसकी जिलेवार स्थिति क्या है।
(ग) बिलासपुर संभाग में अब तक कितने और कहां-कहां गौ अभ्यारण अथवा गौधामों का निर्माण किया गया है।
मंत्री का लिखित जवाब
मंत्री रामविचार नेताम ने लिखित उत्तर में बताया कि
सड़क दुर्घटनाओं में कुल 226 गौवंशों की मृत्यु हुई है।
वहीं, प्रश्नाधीन अवधि में बिलासपुर संभाग की 40 गौशालाओं में 1971 गौवंशों की मृत्यु दर्ज की गई।
इस प्रकार, कुल मिलाकर 2197 गौवंशों की मृत्यु हुई है।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि बिलासपुर संभाग में अब तक एक भी गौ अभ्यारण अथवा गौधाम का निर्माण नहीं हुआ है
क्या कहा विधायक अटल श्रीवास्तव ने
विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों का हवाला देते हुए विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि गौवंशों की मृत्यु से जुड़े आंकड़े गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में गौवंश संरक्षण से जुड़े ढांचे में बदलाव देखने को मिला है। उनके अनुसार, सरकार द्वारा पहले संचालित गौठानों को बंद किया गया, जबकि जिले और संभाग स्तर पर अब तक किसी भी नए गौ अभ्यारण या गौधाम की शुरुआत नहीं हुई है।
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सामने आए यह आंकड़े और मंत्री का लिखित जवाब, बिलासपुर संभाग में गौवंश संरक्षण से जुड़ी स्थिति को तथ्यात्मक रूप से सामने रखते हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।