
बिलासपुर।
इंडियन मुस्लिम प्रीमियर लीग (IMPL) क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 का कैलेंडर विमोचन शुक्रवार को किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक व वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री डॉ. सलीम राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, समाज के गणमान्य नागरिकों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों की मौजूदगी ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
यह रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता वर्ष 2026 में 8 फरवरी से 16 फरवरी के बीच गवर्नमेंट स्कूल मिनी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों को भाग लेने का अवसर दिया जाएगा, जो खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
कैलेंडर विमोचन के दौरान डॉ. सलीम राज ने कहा कि खेल युवाओं के जीवन का अहम हिस्सा है और हर समाज को खेल गतिविधियों में आगे आना चाहिए। उन्होंने आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए आयोजन समिति के साथ खड़े रहने और शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का भरोसा भी जताया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष तौसीफ खान ने बताया कि इंडियन मुस्लिम प्रीमियर लीग का यह दूसरा सीजन है। वर्ष 2025 में आयोजित पहले सीजन में भी 16 टीमों ने हिस्सा लिया था और प्रतियोगिता को खिलाड़ियों व दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला था। सीजन-2 में भी 16 टीमों के साथ प्रतियोगिता कराई जाएगी।
कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे, जिनमें वहीदुल्ला खान, साजिद अवनी, शकील भाई, फैजान खान, शिबू मोहम्मद, अजहरूद्दीन, सलमान कुरेशी, तौफीक मेहमान, अबरार अली गप्पू, एहतेशाम खान, टीपू सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और खेल प्रेमी शामिल रहे।
कैलेंडर विमोचन के साथ ही इंडियन मुस्लिम प्रीमियर लीग सीजन-2 को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।



