Latest news

छत्तीसगढ़ में रिश्तों पर खून का साया… पत्नी, मां और पिता… चरित्र शंका और घरेलू हिंसा में एक दिन में तीन हत्याएं, तीन जिलों में सनसनी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर, रायपुर।
छत्तीसगढ़ में बुधवार का दिन रिश्तों के नाम पर खून से रंग गया। बिलासपुर, राजपुर और बाराद्वार में अलग-अलग घटनाओं में पत्नी, मां और पिता पर जानलेवा हमले हुए—दो महिलाओं की हत्या हो गई और एक बुजुर्ग पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। चरित्र शंका, पुराना अविश्वास और घरेलू हिंसा इन तीनों मामलों का कड़वा सच बनकर सामने आया। तीनों जिलों की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर: चरित्र शंका में पति ने पत्नी की सब्बल से हत्या — कोनी पुलिस ने घंटों में दबोचा
बिलासपुर के लोफदी फोकटपारा इलाके में चरित्र संदेह की वजह से संतोषी केवट की उसके पति जितेंद्र केवट (35), निवासी खपरी, थाना तखतपुर, ने लोहे के सब्बल से सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
कोनी पुलिस ने मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी। निर्देश मिलते ही टीम गठित की गई और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल तथा निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में संभावित स्थानों पर दबिश दी गई।
आरोपी राज्य की सीमा पार भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने चंद घंटों में उसे पकड़कर अभिरक्षा में ले लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है।
राजपुर (बलरामपुर): 75 वर्षीय पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या — 15 साल पुराने शक ने बुजुर्ग महिला की जान ली
राजपुर के ठरकी गांव में खनिज विभाग से सेवानिवृत्त 75 वर्षीय सर्वेयर थिभू केरकेट्टा ने अपनी 74 वर्षीय पत्नी माहेश्वरी की कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी।
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2009 में आरोपी ने विभाग के वाहन चालक को घर बुलाया था और उसी रात उसने पत्नी को “आपत्तिजनक स्थिति” में देखने का दावा किया था। तब से वह लगातार शंका में जी रहा था और बुधवार रात यह शक हत्या में बदल गया।
घटना के बाद आरोपी ने सबसे पहले अंबिकापुर निवासी बेटी अनिता तिर्की और बहू ललिता भगत को फोन कर कहा—
“टांगी से तेरी मां को मार दिया।”
बेटा सुनील केरकेट्टा जब पहुंचा तो मां पलंग के नीचे खून से लथपथ पड़ी मिलीं। राजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बाराद्वार (जांजगीर-चांपा): पत्नी को पीट रहा था बेटा, रोकने आए पिता पर पेचकस से हमला — आरोपी गिरफ्तार
बाराद्वार के वार्ड क्रमांक 6 में घरेलू विवाद के दौरान बेटे सूरज कुमार यादव ने अपनी पत्नी की पिटाई कर रहा था। जब पिता पूनमचंद यादव ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी बेटे ने गाली-गलौज करते हुए पेचकस से उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित पिता की शिकायत पर बाराद्वार पुलिस ने मामला दर्ज किया। घटना के बाद आरोपी सूरज फरार हो गया था, लेकिन पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई कर उसे 9 दिसंबर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
टीआई नरेंद्र यादव के अनुसार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।