Latest news

कॉफी हाउस में रिश्वत की “डील” धरी रह गई— नायब तहसीलदार 50 हजार की घूस लेते गिरफ्तार, ACB का बड़ा ऑपरेशन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

मोहम्मद इसराइल बबलू

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर इलाके में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की सख्त मुहिम एक बार फिर रंग लाई है। सोमवार को सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे 50 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिए गए। ऑपरेशन का पूरा घटनाक्रम किसी क्राइम थ्रिलर की तरह था — कॉफी हाउस की मेज पर ‘फौती नामांतरण’ की फाइल और सुरक्षाबलों की सधी हुई घेराबंदी।
**किसान की शिकायत, ACB की जाल बिछाने की रणनीति — फिर धड़ाम से गिरा भ्रष्टाचार का माया जाल


ग्राम बिटकुला निवासी प्रवीण पाटनवार ने ACB से शिकायत की थी कि उसकी दिवंगत मां की 21 एकड़ कृषि भूमि का नामांतरण कराने के लिए तहसीलदार की ओर से लगातार रिश्वत मांगी जा रही है। आरोप था कि पहले 1.5 लाख रुपये की डिमांड की गई, फिर “नेगोशिएशन” के बाद 1.20 लाख में सौदा पक्का हुआ।
ACB ने शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी की और फिर पूरी रणनीति तैयार की। आरोपी को पहली किश्त 50 हजार रुपये देने का तय समय और जगह तय की गई — एनटीपीसी सीपत स्थित कॉफी हाउस
जैसे ही नोट हाथ में आए… ACB की टीम ने कर दी घेराबंदी
नियत समय पर शिकायतकर्ता ने रकम सौंपी। आरोपी के हाथ में नोट आते ही ACB की टीम पहले से सक्रिय हो चुकी थी। टीम ने मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया। रिश्वत की रकम को जब्त किया गया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
तहसील दफ्तरों में हड़कंप— ACB की 37वीं ट्रैप कार्रवाई
ACB अधिकारियों के मुताबिक पिछले डेढ़ साल में बिलासपुर में यह 37वीं ट्रैप कार्रवाई है। लगातार हो रही कार्रवाई संकेत देती है कि पटवारी से लेकर उच्चाधिकारियों तक रिश्वतखोरी के खिलाफ एजेंसी की “सर्जिकल स्ट्राइक” जारी है।
डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है।
“भ्रष्ट अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा”— ACB की चेतावनी
ACB ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कामकाज में रिश्वत की संस्कृति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएसपी सिंह ने आम लोगों से अपील की कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है, तो तुरंत ACB से संपर्क करें।
शिकायत के लिए ACB का मोबाइल नंबर: 9926111932, कार्यालय नंबर: 07752-250362
नेशनल लेवल पर क्राइम रिपोर्ट का संदेश साफ— सिस्टम को साफ करने की जंग जारी है
एक कॉफी हाउस में रिश्वत की डील टूटने वाली यह घटना सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं है; यह उन हजारों किसानों, नागरिकों और शिकायतकर्ताओं की आवाज है जो भ्रष्टाचार की रोजाना लड़ाई लड़ते हैं। ACB की लगातार सफल कार्रवाईयां संकेत दे रही हैं कि सिस्टम के भीतर जमी धूल अब धीरे-धीरे साफ होने लगी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।