✍️ mohammed israil
धर्मांतरण पर बीजेपी–कांग्रेस आमने-सामने, दीपक बैज का तीखा पलटवार – “
बिलासपुर। धर्मांतरण को लेकर छत्तीसगढ़ में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को सोशल मीडिया पर “धर्मांतरण स्पेशलिस्ट” बताए जाने के बाद कांग्रेस भवन में मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखा पलटवार करते हुए भाजपा पर वोट तुष्टिकरण, नफरत की राजनीति और दोहरे एजेंडे का आरोप लगाया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी हमेशा धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करती है। उन्होंने दुर्ग नन प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि “वहां बीजेपी की असलियत उजागर हो चुकी है। वे छत्तीसगढ़ और केरल दोनों जगह धर्मांतरण की बातें करते हैं, लेकिन उनका एजेंडा दोनों जगह अलग-अलग रहता है।”
बैज ने सवाल उठाया – “जब बीजेपी में ही दो ईसाई समाज के विधायक हैं, तो आखिर धर्मांतरण का मुद्दा क्यों उठाया जा रहा है?” उन्होंने कहा कि भाजपा कभी विकास की बात नहीं करती, उनका पूरा फोकस सिर्फ नफरत फैलाने और वोट बैंक की राजनीति करने पर रहता है।
“किसी की मां को गाली दी जाएगी तो विरोध होना ही चाहिए। इस घटिया राजनीति की शुरुआत नरेंद्र मोदी ने की थी, जब सोनिया गांधी को ‘जर्सी गाय’ कहकर अपमानित किया गया।”— दीपक बैज, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
आगे की तैयारी
बिलासपुर के मुंगेली नाका मैदान में कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय आमसभा 9 सितम्बर को आयोजित होगी। बैज ने बताया कि इस आंदोलन की कमान एआईसीसी राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव ने संभाली है और शक्ति-प्रदर्शन का नेतृत्व सचिन पायलट करेंगे। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस जंगी प्रदर्शन में 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता और आमजन जुटेंगे।
बीजेपी पर नया हमला, कहा – “सीरियल किलर की तरह वोट चोरी करके भाजपा ने सरकार बनाई है
बैज ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा – “सीरियल किलर की तरह वोट चोरी करके भाजपा ने सरकार बनाई है। जल्द ही ठोस सबूत जनता के सामने रखे जाएंगे।” चुनाव आयोग से जुड़े सवालों पर उन्होंने पलटवार किया कि “सवाल कांग्रेस ने आयोग से पूछे थे, लेकिन आयोग उलटे हमसे जवाब मांग रहा है।”
कटाक्ष
बाढ़ पीड़ितों की दुर्दशा पर बोलते हुए बैज ने कहा – “जहां लोग रो रहे हैं, वहीं बीजेपी नेता नाच रहे हैं। यही उनकी असलियत है।”
कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
- तारीख: 9 सितम्बर, मंगलवार
- स्थान: ग्रीन गार्डन मैदान, मुंगेली नाका, बिलासपुर
- नेतृत्व: सचिन पायलट (प्रदेश प्रभारी)
- दावा: 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता जुटेंगे



