Mohammed israil
पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के थानों में भेजा फोटो
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पानी भरे गड्ढे से बोरी में बंद एक युवक का शव बरामद हुआ। शव के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है।
बोरी से झांकते पैर से हुआ खुलासा
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले बोरी को देखा। संदेह होने पर पास पहुंचे तो उसमें से पैर बाहर निकला मिला। तुरंत खमतराई पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
पहचान नहीं हो पाई
युवक की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी जा रही है। शव पूरी तरह बोरी में बंद था और फेंके जाने के बाद कई घंटे तक पानी में डूबा रहा। पुलिस ने बताया कि अब तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के थानों में युवक की तस्वीर भेज दी गई है और गुमशुदा रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
हत्या कर फेंके जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को छिपाने की नीयत से बोरी में बंद कर यहां फेंका गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
मौके पर दहशत का माहौल
घटना की सूचना पर आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। खमतराई थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ती हत्याएं — अब तक छह मामले
अभनपुर: डबल मर्डर, घर में घुसकर दो लोगों की बेरहमी से हत्या।
मंदिरहसौद: पेट्रोल पंप मैनेजर की गोली मारकर हत्या।
खमतराई: पुरानी रंजिश में युवक की हत्या।
खम्हारडीह: चाकूबाजी में युवक की मौत।
धमतरी: 67 वर्षीय बुजुर्ग ने प्रेमिका की हत्या की।
नवा रायपुर: अब बोरी में भरकर युवक की लाश गिट्टी खदान में फेंकी गई।
इन घटनाओं ने राजधानी और आसपास के इलाकों में सनसनी फैला दी है। लगातार सामने आ रही हत्याओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
हाल के महीने में राजधानी में मिली लाशें
- जुलाई 2025 : बोरियाखुर्द इलाके में सूटकेस से युवक का शव मिला।
- अगस्त 2025 : राखी थाना क्षेत्र में मां-बेटी की संदिग्ध मौत।
- अब खमतराई में बोरी में युवक की लाश मिलने से सनसनी।
1 महीने पहले का मामला
नवा रायपुर में युवक की लाश बोरी में मिली, गिट्टी खदान में फेंका गया शव
25 वर्षीय युवक की पहचान दिनेश दास मानिकपुरी के रूप में, शरीर पर चोट के निशान — पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया
रायपुर। नवा रायपुर इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेंद्री गांव के पास गिट्टी खदान में बोरी में भरा हुआ एक शव मिला। बोरी पानी में तैर रही थी और एक हिस्से से पैर बाहर निकला हुआ था। आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बोरी को बाहर निकलवाया, जिसमें युवक की लाश मिली।
युवक की पहचान कायाबांधा निवासी के रूप में
पुलिस ने मृतक की पहचान दिनेश दास मानिकपुरी (उम्र 25 वर्ष) के रूप में की है। वह नवा रायपुर के कायाबांधा इलाके का रहने वाला था। शव पर कई चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि युवक की हत्या की गई है। अज्ञात लोगों ने हत्या के बाद लाश को बोरी में भरकर खदान में फेंक दिया।



