Latest news

बिलासपुर प्रेस क्लब और अपोलो हॉस्पिटल की संयुक्त पहल, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की स्वास्थ्य जांच; लीवर, हृदय, आंखों समेत कई बीमारियों की जांच और उपचार संबंधी परामर्श मिला
बिलासपुर। पत्रकारिता की भागदौड़ और व्यस्त दिनचर्या के बीच अक्सर पत्रकार अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर प्रेस क्लब की पहल पर अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर में रविवार, 1 नवंबर को मेगा हेल्थ चेकअप कैंप एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में डेढ़ सौ से अधिक पत्रकारों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। अपोलो हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पत्रकारों और उनके परिजनों की निःशुल्क जांच कर उन्हें जरूरी चिकित्सकीय परामर्श दिया।
अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इसमें पेट एवं लीवर रोग, हृदय रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, शिशु रोग, जनरल मेडिसिन और दंत रोग विभाग के विशेषज्ञ शामिल रहे। इसके अलावा विशेषज्ञ डायटीशियन ने खानपान, पोषण और बेहतर जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
एक ही छत के नीचे कई विशेषज्ञों की सेवाएं
शिविर में पेट एवं लीवर रोग विशेषज्ञ डॉ. समर्थ शर्मा और डॉ. लाजपत अग्रवाल, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कौशले और डॉ. वेद व्यास चौधरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि शर्मा और डॉ. शांभवी कल्याणी ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। वहीं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पायल लहड़ा, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मंदार गोकाकते तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकृति यदु ने भी अपनी सेवाएं दीं। शिविर में मौजूद विशेषज्ञ डायटीशियन ने लोगों को संतुलित आहार और पोषण संबंधी सलाह दी।
लीवर से लेकर आंखों तक की हुई निःशुल्क जांच
स्वास्थ्य शिविर में केवल सामान्य चिकित्सकीय परामर्श ही नहीं, बल्कि कई महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। फाइब्रोस्कैन तकनीक के माध्यम से लीवर की विशेष जांच की गई। इसके साथ ही आंखों की जांच, मैमोग्राफी, पैप स्मीयर, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और जनरल वाइटल्स की जांच भी की गई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना, लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराना और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना था। खासकर पत्रकारों की व्यस्त कार्यशैली को देखते हुए इस तरह की पहल को महत्वपूर्ण माना गया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने की थी अपील
बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा और उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने पत्रकारों के साथ उनके परिवार के सदस्यों से भी इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की थी। उनकी अपील पर बड़ी संख्या में पत्रकार और उनके परिजन शिविर में पहुंचे। डेढ़ सौ से अधिक पत्रकारों की सहभागिता से आयोजन को अच्छी प्रतिक्रिया मिली।
अपोलो प्रबंधन का रहा विशेष योगदान
शिविर के सफल आयोजन में अपोलो हॉस्पिटल प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अपोलो की ओर से विक्रम निगम और अजय जाड़े ने आयोजन की व्यवस्थाओं और समन्वय में विशेष योगदान दिया। बिलासपुर प्रेस क्लब की इस पहल से पत्रकारों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श और जरूरी स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिली।