



बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, तिफरा में शुक्रवार सुबह उत्साहपूर्ण वातावरण में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। नीट परीक्षा के आयोजन को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में योग दिवस कार्यक्रम एक दिन पहले ही मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ और सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग)” रही। कार्यक्रम में योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ कश्यप, पतंजलि परिवार से विशेष आमंत्रित सदस्य भूषणलाल कश्यप, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन से जय कौशिक और कृष्ण कुमार कश्यप, संकुल समन्वयक सुनील पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान “घर-घर योग, हर घर योग” का संदेश भी दिया गया। योग मित्र एवं व्याख्याता जय कौशिक ने सभी को योग सेवा का संकल्प दिलाते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक विकास का भी प्रभावी साधन है।
विशेष अतिथि भूषणलाल कश्यप ने योगाभ्यास का संचालन करते हुए देशभक्ति गीतों के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। वहीं प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ कश्यप ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा इसे जनआंदोलन के रूप में घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।



