बिलासपुर। शराब के नशे में तेज रफ्तार स्कूटी चलाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। देर रात स्कूटी का संतुलन बिगड़ते ही वह सीधे सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।



यह हादसा तारबाहर थाना क्षेत्र में होटल हैवंस पार्क के सामने देर रात करीब 1:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही तारबाहर थाना की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जैद अंसारी (28 वर्ष), पिता मोहम्मद रईस खान, निवासी तालापारा बिलासपुर के रूप में हुई है।
दोस्त के साथ शराब पीने के बाद निकला था, रास्ते में बिगड़ा संतुलन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जैद अंसारी अपने दोस्त रितेश तोलानी के साथ शराब पीने के बाद स्कूटी से पुराना बस स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान होटल हैवंस पार्क के सामने अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार के कारण स्कूटी सीधे सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी तेज थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मर्ग कायम किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल का कहना है कि मृतक शराब के नशे में था।
एसएसपी रजनेश सिंह की अपील
बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने युवाओं और वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना बेहद खतरनाक होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है।
उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने की लापरवाही कई बार जिंदगी और मौत के बीच की दूरी खत्म कर देती है। एक छोटी सी गलती किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है।
एसएसपी के अनुसार बिलासपुर पुलिस ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन जब्त करने के साथ वैधानिक और न्यायालयीन कार्रवाई की जाती है।
एक बच्चे के सिर से उठ गया पिता का साया
हादसे में जान गंवाने वाला जैद अंसारी अपने पीछे एक छोटे बच्चे को छोड़ गया है। परिवार में इस अचानक हुए हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। देर रात जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहल्ले में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चिंता मासूम बच्चे के भविष्य को लेकर खड़ी हो गई है। एक पल की लापरवाही ने पूरे परिवार की जिंदगी को झकझोर कर रख दिया।

