Latest news

लकड़ी तस्करों की मौज….बेख़ौफ अवैध कटाई पर रात में छापा: कोटा परिक्षेत्र में 12 सागौन लट्ठा और 2 पिकअप जब्त, आरोपी फरार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर, रायपुर, 02 मार्च 2026। बिलासपुर जिले के जंगलों में अवैध कटाई के लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच कोटा परिक्षेत्र में वन विभाग ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। सागौन की अवैध कटाई कर परिवहन किए जा रहे लट्ठों के साथ दो पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं। हालांकि दबिश के दौरान वन अपराधी मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गए।
वनों की अवैध कटाई, अतिक्रमण और अवैध उत्खनन पर नियंत्रण को लेकर शासन स्तर पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक के निर्देशानुसार सभी परियोजना मंडलों में नियमित भ्रमण और सामयिक व रात्रिकालीन गश्त की जा रही है।
इसी क्रम में 1 मार्च 2026 को सूचना मिलने पर कोटा परिक्षेत्र अंतर्गत सेमरिया–दानोखार मार्ग, कक्ष क्रमांक पी/805 में टीम ने रात में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वन अपराधी दो पिकअप वाहन एवं सागौन के लट्ठे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की गई, किंतु आरोपी पकड़ में नहीं आ सके।
क्या-क्या जब्त हुआ
पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 13 एल 2428 (अनुमानित मूल्य 3 लाख रुपए)
अवैध कटाई से प्राप्त 10 नग सागौन लट्ठा (0.762 घनमीटर)
प्रकरण क्रमांक 78/49, दिनांक 02.03.2026 दर्ज
इसके अतिरिक्त:
पिकअप वाहन क्रमांक CG 10 AY 9034 (अनुमानित मूल्य 5 लाख रुपए)
2 नग सागौन लट्ठा (0.107 घनमीटर)
प्रकरण क्रमांक 78/48, दिनांक 02.03.2026 दर्ज
जब्त वनोपज का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 40 हजार रुपए आंका गया है।
अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
यह कार्रवाई क्षेत्रीय महाप्रबंधक बिलासपुर श्री अभिषेक सिंह, मंडल प्रबंधक कोटा परियोजना मंडल श्री सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन तथा उपमंडल प्रबंधक श्री आशुतोष सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। अभियान का संचालन परियोजना परिक्षेत्र अधिकारियों श्री विवेक देवांगन एवं श्री रवि कुमार जगत द्वारा किया गया। सहायक परियोजना क्षेत्रपाल, अन्य वन कर्मचारी एवं रोपण सुरक्षा श्रमिक भी टीम में शामिल रहे।
वन अपराध के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई पर प्रबंध संचालक श्री प्रेम कुमार ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने निगम के सभी वन क्षेत्रों में इसी प्रकार सतर्कता के साथ कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आगामी गोपनीय प्रतिवेदन में वन सुरक्षा एवं संवर्धन में संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की भूमिका का उल्लेख किए जाने की बात कही गई है।
जिले में अवैध कटाई के लगातार मामले
बिलासपुर जिले के जंगलों में अवैध कटाई की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। बहुत कम मामलों में ही वन अमला आरोपियों तक पहुंच पाता है। कुछ दिन पूर्व सीपत पुलिस ने सोती देवरा के जंगल में बड़ी मात्रा में अवैध कटाई का मामला पकड़ा था, जिसमें बड़ी मात्रा में लकड़ी जब्त की गई थी।
कोटा परिक्षेत्र की यह ताजा कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब जिले में जंगलों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और वन क्षेत्र में सक्रिय गिरोहों की गतिविधियां चर्चा में हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।