स्पा की आड़ में अनैतिक दबाव, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला दर्ज
बिलासपुर।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में संचालित आइवरी स्पा सेंटर को लेकर एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में स्पा सेंटर की संचालिका पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमंग पर जबरन अनैतिक कार्य में धकेलने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और विरोध करने पर बदनाम करने व परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पीड़िता ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि उसे आइवरी स्पा सेंटर में मासिक वेतन पर नौकरी पर रखा गया था, लेकिन कुछ समय बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध अवैध और अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए लगातार दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि सहयोग से इनकार करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और सामाजिक बदनामी व परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। प्रकरण में धारा 143(1)(2), 296, 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा पीड़िता के कथन, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान स्पा सेंटर की गतिविधियों, कार्यप्रणाली और आरोपितों की भूमिका को लेकर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही गतिविधियों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



