Latest news

कलेक्टर जनदर्शन फिर बना पीड़ा का आईना: बिलासपुर में भूमाफियाओं का बढ़ता आतंक, अफसरशाही की मार—हर हफ्ते सैकड़ों फरियादी कतार में

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

newsdawncg.com के सामने कैमरे पर फरियादियों ने अपना दर्द किया बयां

Bilaspur बिलासपुर।

बिलासपुर जिले में जमीन, पेंशन, आवास, मुआवजा और बुनियादी अधिकारों से जुड़े मामलों में आमजन की परेशानी थमने का नाम नहीं ले रही है। भूमाफियाओं के दबदबे, निचले अमले की उदासीनता और वर्षों से लटकी फाइलों के बोझ तले दबे लोग एक बार फिर मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में उमड़ पड़े। दूर-दराज के गांवों से आए बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांग और गरीब परिवारों के चेहरे प्रशासनिक व्यवस्था की असल तस्वीर बयान करते दिखे—जहां हर सप्ताह लंबी कतारें लगती हैं और फरियादें कागजों में दर्ज होती जाती हैं।



कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और शहरवासियों की एक-एक कर फरियाद सुनी। व्यक्तिगत और सामुदायिक हित से जुड़े मामलों को लेकर लगभग 150 लोगों ने आवेदन सौंपे। जनदर्शन में नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे, जिन्होंने आवेदकों की समस्याएं सुनीं।
जनदर्शन में सामने आए मामलों ने जिले में व्याप्त प्रशासनिक जटिलताओं और भूमाफियाओं के बढ़ते असर की गंभीर तस्वीर पेश की।
बेलतरा तहसील के ग्राम टेकर की श्रीमती चंद्रिका बाई साहू ने विधवा पेंशन की राशि दिलाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें पेंशन का लाभ मिल रहा था, लेकिन बीते दो वर्षों से राशि बंद है।
ग्राम सिंघरी की मालती बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीसरी किश्त न मिलने की शिकायत की। दो किश्त मिलने के बाद आवास मित्र द्वारा आगे की प्रक्रिया न किए जाने का आरोप आवेदन में दर्ज कराया गया।
भूमि और रास्ते से जुड़े विवादों में भूमाफियाओं के दखल के आरोप भी जनदर्शन में गूंजे। ग्राम तेंदुआ के मनहरण कैवर्त, श्यामलाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम तेंदुआ बासाझाल मार्ग तालाब के रास्ते में सुखराम यादव द्वारा अवैध रूप से घर बनाया जा रहा है, जिससे तालाब तक आने-जाने में ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मुआवजे से जुड़े प्रकरण भी जनदर्शन में प्रमुखता से सामने आए। ओमप्रकाश सोनी ने पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई पैतृक भूमि का मुआवजा न मिलने की बात रखी।
मदनपुर निवासी बसंती बाई देवार ने घर में आगजनी से हुए भारी नुकसान के लिए सहायता राशि की मांग की। उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्य से बाहर रहने के दौरान उनके घर में आग लग गई, जिससे घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। आर्थिक रूप से अत्यंत गरीब होने की बात भी आवेदन में दर्ज है।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित लोगों की आवाज भी जनदर्शन में उठी। दिव्यांग रवि निषाद ने सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने की मांग रखी।
सेलर निवासी राजेश धुरी ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का लाभ न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।
शहर से जुड़े राजस्व मामलों में भी अफसरशाही की सुस्ती सामने आई। श्रीमती शांति परदेशी ने बताया कि तहसीलदार द्वारा नामांतरण आदेश पारित होने के बावजूद पटवारी द्वारा बी-1 में प्रविष्टि नहीं की जा रही है, जिससे उन्हें लगातार परेशान होना पड़ रहा है।
जमीनी हकीकत
जनदर्शन में पहुंचे कई बुजुर्ग और ग्रामीणों का कहना है कि भूमाफियाओं की दबंगई, अवैध निर्माण, रास्तों पर कब्जा और जमीन से जुड़े विवाद जिले में आम होते जा रहे हैं। हर सप्ताह कलेक्टर जनदर्शन में लंबी कतारें इस बात का संकेत हैं कि लोग लगातार इसी मंच को आखिरी उम्मीद मानकर पहुंच रहे हैं। माफियाओं से प्रताड़ित लोग पूरे भरोसे के साथ कलेक्टर के सामने फरियाद रख रहे हैं, इस उम्मीद में कि जनदर्शन से ही उनकी वर्षों पुरानी समस्या का हल निकलेगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।