Latest news

वनांचल तक पहुंचेगी शहर के नामी डॉक्टरों की टीम, शिवतराई में लगेगा मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

विधायक अटल श्रीवास्तव, रोटरी क्लब मिडटाउन और आईएमए की साझा पहल, एक ही छत के नीचे बहुविशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा

बिलासपुर/शिवतराई। कोटा विधानसभा क्षेत्र के सुदूर वनांचल गांव शिवतराई में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बड़ी और सराहनीय पहल सामने आई है। विधायक अटल श्रीवास्तव के प्रयासों से रोटरी क्लब मिडटाउन एवं इंडियन मेडिकल एशोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 1 फरवरी 2026 को एकदिवसीय मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक शासकीय हाई स्कूल शिवतराई के प्रांगण में आयोजित होगा।

स्वास्थ्य शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें बिलासपुर जिले के प्रख्यात और अनुभवी चिकित्सक एक साथ मौजूद रहेंगे और ग्रामीणों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान करेंगे। शिविर में हड्डी रोग, हृदय रोग, त्वचा रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला रोग, दंत रोग एवं कैंसर रोग से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक और सर्जन विशेष रूप से अपनी सेवाएं देंगे।

आयोजकों के अनुसार शिविर में प्रमुख रूप से डॉ. हेमंत चर्टर्जी, डॉ. संजीव खण्डूजा, डॉ. विपिन बैस, डॉ. अभिषेक घाडके, डॉ. अखिलेश देवरस, डॉ. अनिरुद्ध कौशिक, डॉ. अखिलेश वर्मा, डॉ. दीपक सरकार, डॉ. गौरी देशकर, डॉ. राजेश्वर उद्देश्य, डॉ. उज्जवला कराडे, डॉ. अशोक मेहता, डॉ. नमिता श्रीवास्तव, डॉ. संजय मेहता, डॉ. संदीप तिवारी, डॉ. अभिजित रायजादा, डॉ. नेहा सिंह ठाकुर, डॉ. मिनी श्रीवास्तव, डॉ. सृजीता साहू, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. सुनील केडिया, डॉ. संतोष उद्देश्य, डॉ. आशिष पुरोहित, डॉ. अपूर्व सिंह ठाकुर, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. मनीष श्रीवास्तव, डॉ. सौरभ भंडारी, डॉ. एस. अग्रवाल, डॉ. अंचल प्रधान, डॉ. चंद्रशेखर राहलकर, डॉ. जे.एन. शर्मा एवं डॉ. सुरेश कुमार गिडवानी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

विधायक अटल श्रीवास्तव ने बताया कि यह शिविर लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है और इसका उद्देश्य कोटा, बेलगहना और रतनपुर क्षेत्र के ग्रामीणों, विशेषकर वनांचल एवं आदिवासी बहुल गांवों के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रसिद्ध चिकित्सकों द्वारा दी जाने वाली यह सेवाएं उन लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी होंगी, जिन्हें उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

शिविर के दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी, साथ ही आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य सहायक उपकरण भी प्रदान किए जाएंगे। रोटरी क्लब मिडटाउन एवं इंडियन मेडिकल एशोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
दिनांक: 01 फरवरी 2026
स्थान: शासकीय हाई स्कूल, शिवतराई मैदान
समय: सुबह 09 बजे से दोपहर 02 बजे तक

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।