
बिलासपुर।
स्वास्थ्य कर्मचारी संगठन संयुक्त स्वास्थ्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों द्वारा आज संगठन के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के कर-कमलों से किया गया। कैलेंडर विमोचन के अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने अधिष्ठाता एवं चिकित्सा अधीक्षक को मिठाई खिलाकर नववर्ष एवं कैलेंडर विमोचन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ स्वास्थ्य कर्मचारी होते हैं। उनकी निष्ठा, परिश्रम और समर्पण के कारण ही मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल पाता है। संगठनात्मक एकता और सकारात्मक सोच से कार्य करने पर संस्थान निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सिम्स में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। अनुशासन, टीम वर्क और सेवा भाव के साथ किया गया कार्य ही संस्थान की पहचान को मजबूत बनाता है। संगठन के इस वार्षिक कैलेंडर के माध्यम से कर्मचारियों में एकजुटता और प्रेरणा का संचार होगा। उन्होंने सभी को नववर्ष की बधाई दी।
कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम में डॉ. अमित ठाकुर सहित सिम्स कर्मचारी अमरू साहू, शैलेंद्र सिंह रावत, पूनम चंद्राकर, विश्वामित्र कश्यप, दरसदास मानिकपुरी, देवसिंह मार्को, प्रमोद यादव, दिनेश निर्मलकर, संतोष पांडे, रमाकांत साहू, रूपा कुर्रे एवं रुक्मणी तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



