Latest news

पैसों के विवाद ने लिया खूनी मोड़: मंगला चौक में पति ने पत्नी पर किया चाकू से ताबड़तोड़ हमला, खुद को भी किया घायल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read


बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला चौक में पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा घरेलू विवाद अचानक हिंसक रूप में बदल गया। पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी कुछ ही पलों में खून-खराबे में तब्दील हो गई, जब गुस्से में पति ने पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक पति और पत्नी के बीच लंबे समय से पैसों के लेनदेन को लेकर तनाव चल रहा था। शुक्रवार को इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ। पहले कहासुनी हुई और फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान पति ने चाकू निकालकर पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

घटना के बाद पति ने भी खुद को चाकू से घायल कर लिया। आसपास के लोगों ने शोर-शराबा सुना तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया गया। दोनों को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां पत्नी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में इलाज कर रही है।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने खून से सने चाकू सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ पैसों का लेनदेन और घरेलू तनाव रहा है।
पुलिस का कहना है कि दोनों की हालत में सुधार होने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। घटना के बाद मंगला चौक और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है और लोग इस सनसनीखेज वारदात को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।