Latest news

बिलासपुर में फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग, एक मजदूर गंभीर, युवक के फंसे होने की आशंका

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित इंडस्ट्रीज एरिया सेक्टर-डी में मित्तल फर्नीचर के शोरूम और गोदाम में लगी भीषण आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल है कि आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। दुकान और गोदाम में रखा फर्नीचर, लकड़ी, प्लाइ, मशीनें और अन्य कीमती सामग्री जलकर खाक होने की सूचना है।


घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। आसपास के लोगों और कर्मचारियों को हटाया गया, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। इसी दौरान रितेश नामक मजदूर आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


आग लगने के बाद अभिजीत सूर्यवंशी नामक युवक के फैक्ट्री परिसर में फंसे होने की सूचना सामने आई है, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई। मौके से मौत की आशंका की खबरें भी हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन और पुलिस टीमें लापता युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने से पहले फैक्ट्री परिसर से धुआं उठता देखा गया था। इसके बाद कार्पिन टैंक क्षेत्र में आग भड़की और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। आग के दौरान कई बार तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
खबर लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकी थीं। स्थानीय लोग और कर्मचारी अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग की तीव्रता के कारण हालात काबू में नहीं आ सके। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।