Latest news

भारतीय नगर मुक्तिधाम का कायाकल्प, सेवा और संवेदनशीलता का संगम

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर।
अंतिम यात्रा पर पहुंचने वाले आम नागरिकों को शांत, सुव्यवस्थित और हरियाली युक्त वातावरण उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ भारतीय नगर मुक्तिधाम का व्यापक संधारण एवं जीर्णोद्धार कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। अग्रवाल सेवा समिति के तत्वावधान में चल रहे इस कार्य ने मुक्तिधाम को सुविधा, सुरक्षा और सौंदर्य का नया स्वरूप देना शुरू कर दिया है।

मुक्तिधाम में हो रहे विकास कार्य सामाजिक दानदाताओं के सहयोग से संचालित हैं, जिसमें रोटरी क्लब का भी सक्रिय योगदान मिल रहा है। वर्तमान में अग्रवाल सेवा समिति द्वारा भारतीय नगर मुक्तिधाम परिसर में व्यवस्थित गार्डन, पार्किंग सुविधा, ग्रेनाइट व मार्बलयुक्त शेड बैठक, अंत्येष्टि चबूतरे का निर्माण, दशगात्र एवं अन्य संस्कारों के लिए बैठने की व्यवस्था, लाइट, पंखा, वाटर कूलर, फव्वारा, फूल-पौधों व गमलों के साथ वृक्षारोपण कराया जा रहा है।

इसके साथ ही बाथरूम, स्नानघर, पूरे परिसर में सीसी रोड का निर्माण, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे, परमानेंट शिफ्ट वाइज सुरक्षा गार्ड, माली, सफाईकर्मी तथा अंतिम क्रिया में सहयोग के लिए श्रमिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मुक्तिधाम को अवांछित गतिविधियों से मुक्त और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए हर स्तर पर ध्यान दिया जा रहा है।

इस सेवा कार्य में नगर निगम प्रशासन, जिला प्रशासन और बिलासपुर विधायक का निरंतर सहयोग मिल रहा है। हाल ही में नगर पालिका निगम आयुक्त अमित कुमार ने भारतीय नगर मुक्तिधाम पहुंचकर चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया और शेष आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। दूसरे चरण में मुक्तिधाम के दफन स्थल को भी व्यवस्थित कर सुविधाजनक स्वरूप देने की तैयारी है।

अग्रवाल सेवा समिति ने सामाजिक सहयोग से मुक्तिधाम के संपूर्ण रखरखाव की जिम्मेदारी संभाली है। समिति की छह सदस्यीय टीम — आनंद अग्रवाल (सीए), संजय अग्रवाल, राजुल जाजोदिया (सीए), मनीष अग्रवाल (पूर्व एल्डरमैन), अजय जाजोदिया, अनिल अग्रवाल — के साथ अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शिव अग्रवाल और सचिव सुनील सोंथालिया के संयुक्त प्रयासों से कार्यों को गति मिल रही है।

प्रत्येक सप्ताह सेवा समिति के सदस्य और श्रम सेवा देने वाले स्वयंसेवक मुक्तिधाम पहुंचकर कार्यों की देखरेख करते हैं और अपनी सेवाएं देते हैं। सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ भारतीय नगर मुक्तिधाम का स्वरूप लगातार बदल रहा है।
सौंदर्यकरण और निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद आगामी समय में लोकार्पण कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।