बिलासपुर।
जिले में बीते तीन दिनों के भीतर हत्या, अंधे कत्ल का खुलासा, अधजले शव की पहचान और हथियार लहराकर धमकी देने जैसे गंभीर मामलों ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। तखतपुर, रतनपुर, सिरगिट्टी और सिविल लाइन क्षेत्र में घटित चार बड़े मामलों ने शहर का माहौल अस्थिर कर दिया है। पुलिस ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई की है, लेकिन घटनाओं की तीव्रता ने इलाके में भय और तनाव को गहरा किया है।
कैसे–1 : तखतपुर — पूर्व सरपंच मनबोध यादव की धारदार हथियार से हत्या, गांव में दहशत

जनपद पंचायत तखतपुर क्षेत्र के ग्राम चोरभट्टी खुर्द में बुधवार देर रात पूर्व सरपंच मनबोध यादव की हत्या से सनसनी फैल गई।
रात 8 बजे वे स्कूटी लेकर घर से निकले थे।
देर रात तक वापसी न होने पर परिजनों ने गुरुवार सुबह तलाश शुरू की।
गांव के पास मुर्गा फार्म हाउस, जहां लोग अक्सर शराब पीते हैं, वहीं झाड़ियों के पास वे खून से लथपथ मिले।
सिर पर धारदार हथियार से किए गए घातक वार से उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है। इलाके में तनाव है और ग्रामीणों ने तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
कैसे–2 : रतनपुर — भैसाझार जंगल के अंधे कत्ल की पहेली सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार
थाना रतनपुर क्षेत्र के भैसाझार जंगल में 05 दिसंबर को झाड़ियों के बीच एक युवक का शव मिलने से पुलिस सकते में आ गई थी। शव के साथ उसकी मोटरसाइकिल भी संदिग्ध हालत में मिली।
पुलिस जांच में सामने आया—
मृतक सूर्यप्रकाश बघेल तीन दिन पहले से गुम था।
तकनीकी साक्ष्यों, FSL, डॉग स्क्वॉड और ACCU की जांच के बाद संदेह रंजीत खाण्डे और सुधीर खाण्डे पर गया।
दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने पूर्व रंजिश पर हत्या करना स्वीकार किया।
हत्या में लोहे के पाइप और लकड़ी के बेंत का उपयोग किया गया था।
दोनों आरोपियों से हथियार व मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। जांच के और पहलुओं पर पूछताछ जारी है।
कैसे–3 : सिरगिट्टी — अधजले शव की पहचान, टावर डंप और तकनीकी साक्ष्य से दो हत्यारे पकड़े गए


सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में 07 नवंबर को होटल ग्रैंड लोटस के पीछे झाड़ियों में एक अज्ञात अधजला शव मिला था।
पुलिस जांच में सामने आया—
शव की पहचान राज्यभर में दर्ज गुम इंसान रिपोर्टों से मिलान कराई गई।
टावर डंप, मोबाइल डेटा और तकनीकी विश्लेषण से परिजनों तक पहुंचा गया।
शव की पहचान गोपाल (26 वर्ष) निवासी सोनभद्र (उ.प्र.) के रूप में हुई।
वारदात की रात मृतक शराब पी रहा था, तभी आरोपी अरुण दास मानिकपुरी और धनेश लोधी उर्फ राजू वहां पहुंचे।
शराब पीते-पीते विवाद हुआ, दोनों ने मिलकर पत्थर से गोपाल के सिर पर वार किया और उसकी मौत हो गई।
पहचान मिटाने के लिए शव और कपड़ों को जला दिया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में आगे बढ़ाया जा रहा है।
कैसे–4 : तखतपुर — मोटरसाइकिल एक्सचेंज विवाद में चाकू लहराकर धमकी, दुकान में हंगामा

तखतपुर थाना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 692/2025 के तहत एक और गंभीर घटना सामने आई।
आरोपी बहोरिक यादव उर्फ बिल्ला बजाज शोरूम पहुंचा और गाड़ी एक्सचेंज के नाम पर गाली-गलौज की।
कुछ देर बाद अपने साथियों सूर्य कुमार यादव, विवेक उर्फ बादशाह और एक नाबालिग को लेकर वापस लौटा।
हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए कर्मचारियों को धमकी दी और गंदी गालियां दीं।
पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर तीनों आरोपियों और नाबालिग को पकड़ लिया।
आरोपियों से चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट 25, 27 की धारा जोड़ी गई।
तखतपुर का बिगड़ा माहौल — एक सप्ताह में लगातार गंभीर वारदातें
तखतपुर क्षेत्र में
✔ पूर्व सरपंच की हत्या
✔ चाकू लेकर धमकी की वारदात
✔ अपराधियों की सक्रियता
✔ शराब और आपराधिक गिरोहों की बढ़ती हलचल
इन सबने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों है।
पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, ग्रामीण एएसपी डॉ. अर्चना झा, CSP, ACCU, साइबर सेल और कई थाना प्रभारी लगातार आपराधिक मामलों की पड़ताल में जुटे हैं। तीनों हत्या कांडों में पुलिस ने 24–72 घंटे में महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।



