बिलासपुर। जिले के कोटा और तखतपुर क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ शराब और लहान जब्त किया। आबकारी आयुक्त श्री श्याम लाल धावड़े के निर्देश और कलेक्टर बिलासपुर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।



जिला आबकारी विभाग के प्रभारी सहायक आयुक्त श्री नवनीत तिवारी के नेतृत्व में 30 और 31 मई को यह अभियान चलाया गया। इस दौरान सेमरताल (जलसो), कोडपुरी और धुमा इलाके में छापेमारी कर 89 लीटर महुआ शराब और 1710 किलोग्राम लहान जब्त किया गया।
जब्त सामग्री और प्रकरण
- जलसो (थाना कोनी): उमेश वर्मा पिता रामकुमार वर्मा के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब और 210 किलोग्राम लहान।
- कोडपुरी (थाना सकरी): सुकृता साहू पति सुखराम साहू के पास से 9 लीटर महुआ शराब।
- धुमा (थाना कोटा): सोनबंधा रोड पर सरकारी जमीन से लावारिस अवस्था में 60 लीटर महुआ शराब और 1500 किलोग्राम लहान।
अधिकारियों की सख्त निगरानी और टीम वर्क
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी कल्पना राठौर और आबकारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला ने अहम भूमिका निभाई। इनके साथ टीम में निरीक्षक नेतराम बंजारे, मुख्य आरक्षक जनक राम जगत, सुभाष तिवारी, जयशंकर कमलेश और ड्राइवर ललित सिग भी शामिल थे।
अवैध कारोबारियों में खौफ
इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ लगातार ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी आयुक्त श्री श्याम लाल धावड़े ने टीम की सराहना करते हुए इसे अपराध रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने भी अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए विभाग की सक्रियता को सराहा।



