बिलासपुर। विश्व मधुमेह दिवस (14 नवंबर) के अवसर पर मधुमेह के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं समय पर जांच और उपचार का संदेश देने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आशीर्वाद नेत्र चिकित्सालय द्वारा AIOS एवं CSOS के अंतर्गत निःशुल्क डायबिटिक रेटिनोपैथी जांच की पहल की गई। कार्यक्रम में चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जागरूक नागरिकों ने सहभागिता करते हुए लोगों को मधुमेह से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल द्वारा आर्यन फिल्म की विशेष जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर फिल्म की कलाकार एंजेल चौकसे (Mrs. Alluring 2026), डॉ. एल.सी. मढ़ारिया, डॉ. ऐश्वर मढ़ारिया एवं आर्यन फिल्म के निर्देशक रामानंद तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आर्यन फिल्म द्वारा प्रस्तुत जागरूकता पोस्टर का संदेश था – “एक छोटी सी लापरवाही… जीवन को खतरे में डाल सकती है, जागरूक बनें!”
इस पोस्टर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मधुमेह केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि आंखों की रोशनी को भी प्रभावित कर सकता है। डायबिटिक रेटिनोपैथी के कारण आंखों की रोशनी जाने का खतरा रहता है। इसलिए नियमित जांच, समय पर उपचार और मधुमेह पर नियंत्रण बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों एवं अतिथियों ने कहा कि मधुमेह के प्रति जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव अपनाकर इसके गंभीर दुष्परिणामों से बचा जा सकता है।
आर्यन फिल्म के निर्देशक रामानंद तिवारी ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम भी है। आर्यन फिल्म निरंतर स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर फिल्मों और अभियानों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों से अपील की गई कि मधुमेह को हल्के में न लें, नियमित जांच कराएं और अपनी आंखों की सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से सजग रहें।
संदेश: मधुमेह की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और नियमित आंखों की जांच ही सुरक्षित भविष्य की कुंजी है।
