नई दिल्ली/बिलासपुर | मोहम्मद इसराइल
श्रावणी मेले के दौरान छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण रेल और जनहित के मुद्दे उठाए।
बैठक में श्री साहू ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–इतवारी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 08895/08896) शुरू करने के निर्णय पर रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस विशेष ट्रेन से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के हजारों श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक तरीके से करने का अवसर मिलेगा।
देवघर के लिए नियमित ट्रेन चलाने की मांग
तोखन साहू ने कहा कि श्रावणी मेले के अलावा भी वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री देवघर जाते हैं। इसे देखते हुए उन्होंने देवघर के लिए नियमित रेल सेवा शुरू करने का अनुरोध किया, ताकि यात्रियों को स्थायी और बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध हो सके।
कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन पर तेजी लाने का आग्रह
बैठक के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेल मंत्री से इस परियोजना में तेजी लाने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया। उनका कहना था कि यह परियोजना प्रदेश के कई क्षेत्रों में रेल संपर्क मजबूत करने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगी।
बुधवारी बाजार के व्यापारियों का मुद्दा भी उठाया
श्री साहू ने बैठक में बुधवारी बाजार के दुकानदारों से जुड़े लंबे समय से लंबित प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने रेल मंत्री से इस मामले का त्वरित एवं न्यायोचित समाधान कराने का अनुरोध करते हुए कहा कि यह विषय स्थानीय व्यापारियों की आजीविका और जनहित से सीधे जुड़ा हुआ है।
जनहित के मुद्दों पर केंद्रित रही बैठक
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के विकास और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर गंभीर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए विषयों पर सकारात्मक निर्णय होंगे, जिससे प्रदेश के श्रद्धालुओं, यात्रियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।



