बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर 30 सितंबर को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन की तैयारियों को लेकर बिलासपुर में 30 अगस्त को बैठक आयोजित की गई है।
संघ के जिला शाखा अध्यक्ष किशोर शर्मा ने बताया कि 2 अगस्त को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागृह, रायपुर में संघ की आमसभा आयोजित की गई थी। आमसभा में संघ की नियमावली के अनुसार सर्वसम्मति से प्रांतीय और संभागीय पदाधिकारियों का पुनर्गठन किया गया। इसी आमसभा में लिए गए निर्णय के अनुसार 30 सितंबर को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन और रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
30 अगस्त को होगी तैयारी बैठक
संभाग स्तरीय आंदोलन को सफल बनाने के लिए 30 अगस्त, रविवार को दोपहर 2.30 बजे बिलासपुर के कर्मचारी भवन, कंपनी गार्डन के सामने तैयारी बैठक रखी गई है। बैठक में आंदोलन की रूपरेखा, कर्मचारियों की भागीदारी और रैली को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का होगा सम्मान
तैयारी बैठक के बाद संघ के बिलासपुर जिले से नवनियुक्त प्रांतीय एवं संभागीय पदाधिकारियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। संघ ने पदाधिकारियों और कर्मचारियों से बैठक में उपस्थित होकर आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने की अपील की है।
संघ के जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा ने बताया कि 30 सितंबर का संभाग स्तरीय कार्यक्रम आमसभा में लिए गए निर्णय के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों की मांगों को शासन के समक्ष संगठित तरीके से रखना और मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव तक अपनी मांगों को पहुंचाना है।



