Latest news

महंगाई ने बिगाड़ा रसोई का बजट, होटल कारोबार पर भी असर; रविंद्र सिंह बोले—आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read


बिलासपुर। बढ़ती महंगाई को लेकर बिलासपुर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे खाद्य पदार्थों और ईंधन के दामों ने आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने घरेलू खर्च चलाना चुनौती बनता जा रहा है।
रविंद्र सिंह ने कहा कि शक्कर, प्याज, दाल, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य तेल समेत रोजमर्रा की जरूरत की अन्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसका असर केवल घर की रसोई तक सीमित नहीं है, बल्कि होटल और खान-पान के कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। कच्चे माल और ईंधन की लागत बढ़ने से होटल संचालकों पर भी खर्च का दबाव बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई की लगातार मार से आम जनता की आय और खर्च के बीच संतुलन बिगड़ गया है। वर्तमान परिस्थितियों में आम आदमी ‘आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया’ के दौर से गुजर रहा है। खासकर त्योहारों के समय आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि होने से परिवारों का बजट और अधिक प्रभावित हो रहा है।
रविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। सरकार को जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सामग्री, ईंधन और रसोई से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।