


तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील से बेहद दुखद घटना सामने आई है। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ नदी किनारे जुट गई। पुलिस प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश अभी जारी है।
नदी में पानी कम था, अचानक आया तेज बहाव
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने के लिए तीनों बच्चे घोंघा नदी पार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय नदी में पानी कम था, लेकिन नदी पार करते दौरान अचानक तेज बहाव आ गया और तीनों बच्चे उसकी चपेट में आकर बह गए।
तीनों बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों बच्चे ग्राम पंचायत समडील के निवासी हैं।
सूचना मिलते ही नदी किनारे जुटे ग्रामीण
हादसे की जानकारी मिलते ही समडील गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर नदी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर नदी के आसपास कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
तलाश अभियान के दौरान एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य मासूम बच्चों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दोनों लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है।
एसडीआरएफ टीम भी करेगी सर्च ऑपरेशन
थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर जा रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों बच्चे बह गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों द्वारा तलाश अभियान चलाया गया, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम जल्द ही गांव पहुंचकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाएगी। इसके माध्यम से लापता दोनों बच्चों की तलाश की जाएगी।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। मासूम बच्चों के नदी में बहने की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी नदी किनारे डटे हुए हैं और लापता दोनों बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
फिलहाल ग्रामीणों और परिजनों की निगाहें एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं। पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों द्वारा लापता दोनों बच्चों की तलाश जारी है।



