


एमएलबी कन्या शाला में छात्राओं से किया संवाद, छात्र कैबिनेट को दिलाई शपथ; इंस्पायर अवार्ड में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित बिल्हा की दो छात्राओं का सम्मान
बिलासपुर। नगर विधायक अमर अग्रवाल ने शनिवार को शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और नागरिकों से संवाद किया। दयालबंद स्थित स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, नवाचार और आत्मनिर्भरता पर चर्चा की। इसके बाद टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल होकर नागरिकों को संबोधित किया। कार्यक्रमों में शिक्षा को सामाजिक बदलाव का आधार बनाने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया गया।
माता-पिता और गुरुजनों की प्रेरणा सफलता का मूल मंत्र
महारानी लक्ष्मीबाई सेजेस कन्या शाला में छात्राओं ने विधायक अमर अग्रवाल से संवाद किया और उनसे विभिन्न विषयों पर सवाल किए। अग्रवाल ने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों से मिलने वाली प्रेरणा जीवन में सफलता का मूल मंत्र है। जो बच्चे अपने माता-पिता, परिवार और गुरुजनों के मार्गदर्शन में लगातार सीखने की प्रक्रिया में आगे बढ़ते हैं, वे किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री, केंद्र और राज्य सरकार ने विशेष नीति-नियम बनाए हैं। ‘बेटी बचाओ’ अभियान से समाज की सोच में बदलाव आया है और आज बालिकाएं हर क्षेत्र में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।
छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बिलासपुर की जनता से मिला आशीर्वाद, प्रेम और स्नेह उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट है। उन्होंने बच्चों से कहा कि जीवनभर सीखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्य और जिम्मेदारियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय योगदान दे सकता है।
छात्र कैबिनेट को दिलाई शपथ, नशामुक्ति का लिया संकल्प
कार्यक्रम में अमर अग्रवाल ने एमएलबी महारानी लक्ष्मीबाई सेजेस कन्या शाला की छात्र कैबिनेट को शपथ दिलाई। उन्होंने छात्राओं को विद्यालय के रखरखाव और संचालन में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सभाजनों ने नशामुक्ति का संकल्प भी लिया।
इंस्पायर अवार्ड में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित दो छात्राओं का सम्मान
कार्यक्रम में इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित बिल्हा विकासखंड की दो छात्राओं कुमारी रेणुका धनुआर और कुमारी तृषा कमलेश का सम्मान किया गया। दोनों छात्राओं को अमर अग्रवाल ने सम्मानित किया। विकासखंड शिक्षा विभाग की ओर से दोनों को 5-5 हजार रुपए की नगद प्रोत्साहन राशि और मोमेंटो प्रदान किया गया।
सत्र 2024-25 में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित 20 विद्यार्थियों में बिल्हा विकासखंड की ये दोनों छात्राएं शामिल हैं।
रेणुका का मॉडल थूकने की पहचान कर देगा अलर्ट
देवरी खुर्द की कुमारी रेणुका धनुआर ने ‘वॉल माउंट स्पिट डिटेक्शन एंड अलार्म सिस्टम’ मॉडल तैयार किया है। यह मॉडल सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की स्थिति का पता लगाकर अलार्म के माध्यम से लोगों को सचेत करता है। मॉडल को स्वच्छता अभियान के लिए उपयोगी माना जा रहा है।
बारिश आते ही खुलेगा तृषा का स्मार्ट बैग
बिजौर की कुमारी तृषा कमलेश ने ‘वेदर गार्ड स्मार्ट बैग’ तैयार किया है। सेंसर आधारित इस बैग में नमी या बारिश का संकेत मिलते ही इससे जुड़ा छाता स्वतः खुल जाता है। इससे बारिश के दौरान बैग में रखी किताबों और अन्य सामग्री को भीगने से बचाने में मदद मिलेगी।
दोनों छात्राएं 4 सितंबर को रायपुर में होने वाले राज्य स्तरीय मेंटरशिप प्रशिक्षण में अपने मॉडल प्रस्तुत करेंगी। वहां विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में दोनों नवाचारों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अनुरूप और बेहतर बनाया जाएगा।
15 सितंबर तक इंस्पायर अवार्ड के लिए पंजीयन
कार्यक्रम में इंस्पायर अवार्ड मानक योजना की जानकारी भी दी गई। यह भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की पहल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार और शोध के प्रति रुचि विकसित करना है।
सत्र 2026-27 के लिए पंजीयन शुरू हो चुका है। इसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर है। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यालयों से पांच विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों का ऑनलाइन पंजीयन किया जाना है।
इसके साथ ही विद्यालय परिवार की ओर से होम एग्जाम में पिछले वर्ष सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं को भी पुरस्कृत किया गया।
साइकिल मिलने से बालिकाओं की राह हुई आसान
महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला की छात्राओं को सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत साइकिल वितरित करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सरस्वती साइकिल वितरण योजना शुरू की।
उन्होंने कहा कि इस योजना से विद्यालयों में बालिकाओं की उपस्थिति बढ़ी है, ड्रॉपआउट दर में कमी आई है और छात्राओं को निरंतर शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिले हैं।
अग्रवाल ने बताया कि कक्षा 9वीं में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए वर्ष 2004 से सरस्वती साइकिल वितरण योजना संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच आसान बनाना और उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखना है।
‘बेटा-बेटी दोनों पढ़ेंगे, तभी परिवार होगा सशक्त’
अमर अग्रवाल ने कहा कि बेटा और बेटी दोनों पढ़ेंगे, तभी परिवार शिक्षित और सशक्त बनेगा। शिक्षित बालिकाएं आगे चलकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं समझना चाहिए, बल्कि यह आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन का आधार भी है।
नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें लैंगिक असमानता समाप्त करने तथा बालक और बालिका दोनों को शिक्षा एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ही समावेशी एवं विकसित समाज का निर्माण संभव है।
नागरिक अभिनंदन समारोह में भी हुए शामिल
एमएलबी कन्या शाला के कार्यक्रम के बाद अमर अग्रवाल टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया और समाज के विकास में शिक्षा, जागरूकता, नवाचार तथा नशामुक्ति की भूमिका पर विचार रखे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, पार्षद बंधु मौर्य, रंगा नादम, एल्डरमैन योगेश बोले, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षकगण, शाला विकास समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



