


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलासपुर में 20 अगस्त को 26वीं संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग की बालक एवं बालिका सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, सक्ती और जांजगीर-चांपा जिले के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। संयुक्त संचालक अश्वनी भारद्वाज के निर्देश एवं जीडी गर्ग के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता खेल भावना और अनुशासन के साथ संपन्न हुई।
बालक वर्ग में मुंगेली ने जीता खिताब
बालक वर्ग के मुकाबलों में मुंगेली ने कोरबा को 7-2 से हराया। इसके बाद बिलासपुर ने सक्ती को 1-0 से शिकस्त दी। बिलासपुर ने जांजगीर-चांपा को एकतरफा मुकाबले में 15-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में मुंगेली ने बिलासपुर को 5-1 से पराजित कर बालक वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
बालिका वर्ग में बिलासपुर चैंपियन
बालिका वर्ग में बिलासपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सक्ती को 2-0 से हराया। वहीं मुंगेली ने जांजगीर-चांपा को 6-2 से पराजित किया। फाइनल मुकाबले में बिलासपुर की बालिका टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुंगेली को 6-0 से करारी शिकस्त दी और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मुकाबले खेल भावना, अनुशासन और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
इस अवसर पर फरीदा ख़ान, अख्तर ख़ान, मुकेश कश्यप, गीता सिंह बनाफर, प्राची शर्मा, तरन्नुम ख़ान, आकृति श्रीवास्तव, संदीप गहिरे, अंकुर रजक, नेहा यादव सहित अन्य अधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
नतीजा एक नजर में
14 वर्ष बालक वर्ग: मुंगेली विजेता, बिलासपुर उपविजेता।
14 वर्ष बालिका वर्ग: बिलासपुर विजेता, मुंगेली उपविजेता।
प्रतियोगिता में शामिल जिले: बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, सक्ती और जांजगीर-चांपा।



