


वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने व्यापारी संघ से की मुलाकात, 50 से अधिक रोस्टर शीट वितरित
बिलासपुर। स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और व्यापारियों के कारोबार को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), बिलासपुर ने नई पहल शुरू की है। इसी कड़ी में कैट बिलासपुर के अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह के नेतृत्व में कैट की टीम ने बुधवारी बाजार व्यापारी संघ के पदाधिकारियों और व्यापारियों से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों के बीच 50 से अधिक मेंबर रिकॉर्ड शीट (रोस्टर) वितरित की गईं।
कैट पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य कैट से जुड़े व्यापारियों के कारोबार को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। इसके तहत व्यापारियों के व्यवसाय का डिजिटल और फिजिकल स्तर पर प्रचार-प्रसार कर उन्हें नए ग्राहकों से जोड़ने और कारोबार को गति देने का प्रयास किया जाएगा।
‘भारतीय सामान, हमारा स्वाभिमान’ का संदेश
बैठक में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। स्थानीय व्यापारियों और भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए ‘भारतीय सामान, हमारा स्वाभिमान’ का संदेश दिया गया। कैट ने कहा कि स्थानीय बाजार मजबूत होगा तो व्यापारियों के साथ-साथ अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
बुधवारी बाजार व्यापारी संघ ने सराहा
कैट की इस व्यापारी हितैषी पहल की बुधवारी बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष नितिन छाबड़ा सहित उपस्थित व्यापारियों ने सराहना की। व्यापारियों ने इस अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करने और इसे आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर कैट बिलासपुर जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा, कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह अजमानी, उपाध्यक्ष प्रवीण सलूजा, मंत्री हरदीप होरा तथा बुधवारी बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष नितिन छाबड़ा, मनोज सोनी, राकेश अग्रवाल, सुमित डोडवानी, गोलू देवानी और रवि राव सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
‘व्यापार बढ़ेगा तो देश बढ़ेगा’
कैट बिलासपुर अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने कहा, “व्यापार बढ़ेगा, तो देश बढ़ेगा। आइए मिलकर आत्मनिर्भर हिंदुस्तान के संकल्प को पूरा करें।” उन्होंने कहा कि व्यापारियों को एक-दूसरे से जोड़कर उनके कारोबार को आगे बढ़ाना और स्थानीय बाजार को मजबूत करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।



