Latest news

रफी से किशोर तक दिग्गज गायकों को कनक साहू देंगी संगीतमय ट्रिब्यूट

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

22 अगस्त को नखिरा ऑडिटोरियम में सजेगी ‘Tribute to the Legendary Singers’ की शाम, लाइव बैंड के साथ 30-35 सदाबहार गीतों की होगी प्रस्तुति
बिलासपुर। मोहम्मद रफी की आवाज का जादू, लता मंगेशकर की मिठास, आशा भोसले की खनक, किशोर कुमार की दिलकश अदायगी और मुकेश के दर्दभरे नगमे… बिलासपुर में 22 अगस्त की शाम इन सदाबहार आवाजों की यादों से गुलजार होने जा रही है। शहर की प्रतिभाशाली गायिका कनक साहू के नेतृत्व में कनक मेलोडी म्यूजिक ग्रुप द्वारा ‘Tribute to the Legendary Singers’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शनिवार शाम 6:30 बजे से नखिरा ऑडिटोरियम में होने वाली इस संगीत संध्या में दिग्गज गायकों के लोकप्रिय गीतों को लाइव बैंड के साथ पेश किया जाएगा।


ट्रैक नहीं, लाइव म्यूजिक का होगा जादू
बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में कनक साहू ने बताया कि कार्यक्रम की सबसे खास बात यह होगी कि गीतों की प्रस्तुति रिकॉर्डेड ट्रैक पर नहीं, बल्कि लाइव बैंड और अनुभवी म्यूजिशियंस के साथ होगी। स्थानीय कलाकारों के साथ विभिन्न स्थानों से अनुभवी म्यूजिशियंस को आमंत्रित किया गया है।
करीब 6 से 7 सिंगर्स इस संगीत संध्या में अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। कनक साहू स्वयं लीड सिंगर के रूप में प्रस्तुति देंगी। उनका कहना है कि महान गायकों के गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत करना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।


रफी, लता, आशा, सुमन, किशोर और मुकेश के गीत
कार्यक्रम में हिंदी सिनेमा के उन गायकों को संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिनकी आवाज आज भी लोगों की यादों में बसी हुई है। मोहम्मद रफी, लता मंगेशकर, आशा भोसले, सुमन कल्याणपुर, किशोर कुमार और मुकेश के लोकप्रिय गीतों का चयन किया गया है।
आयोजकों के मुताबिक शाम से रात तक चलने वाले इस कार्यक्रम में करीब 30 से 35 सदाबहार गीतों की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम का संभावित समय शाम 6:30 बजे से रात 11:30 बजे तक रखा गया है।
‘ऐसा लगेगा जैसे रिकॉर्डिंग सामने हो रही हो’
कनक साहू ने कहा कि महान गायकों के गीतों को मंच पर अपनी आवाज में उतारना आसान नहीं है। लाइव म्यूजिक के साथ प्रस्तुति का उद्देश्य दर्शकों को ऐसा अनुभव देना है, जैसे उनके सामने ही किसी गीत की रिकॉर्डिंग चल रही हो।


कनक मेलोडी म्यूजिक ग्रुप की पूरी टीम कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी हुई है। अलग-अलग दौर के लोकप्रिय गीतों को मंच पर नए अंदाज में पेश करने की तैयारी की जा रही है।


प्रेस क्लब ने कनक साहू को दी शुभकामनाएं
प्रेसवार्ता के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब के पत्रकारों ने कनक साहू को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं। पत्रकारों ने कहा कि बिलासपुर की बेटी ने अपनी सुरीली आवाज के जरिए शहर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। कम उम्र में संगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने पर प्रेस क्लब परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रेसवार्ता में प्रकाश बहरानी (मैनेजिंग डायरेक्टर), योगानंद साहू, ऋषि गोस्वामी, एम. विष्णु और दीपक मिश्रा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
शहरवासियों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील
कनक साहू और कनक मेलोडी म्यूजिक ग्रुप की ओर से शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गई है। 22 अगस्त की शाम नखिरा ऑडिटोरियम में बॉलीवुड के स्वर्णिम दौर की उन आवाजों को फिर से सुनने का मौका मिलेगा, जिनके गीत कई पीढ़ियों की संगीत स्मृतियों का हिस्सा बने हुए हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।