Latest news

रिमझिम बारिश, अरपा का किनारा और टेंट के नीचे ‘बावन परी’ की महफिल… ग्रामीण वेश में पहुंची पुलिस ने जुआरियों को दबोचा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read


पिरैया में टेंट लगाकर चल रहा था हार-जीत का खेल, पुलिस की दबिश से मची भगदड़; 4 गिरफ्तार, 15,730 रुपए नकद समेत 95,730 रुपए का सामान जब्त
बिलासपुर। रिमझिम बारिश के बीच अरपा नदी का किनारा… वहां पीले रंग की तिरपाल और प्लास्टिक की बोरी-फट्टी से तैयार किया गया अस्थायी ठिकाना और टेंट के नीचे सजी थी ‘बावन परी’ यानी 52 पत्ती ताश की महफिल। यहां रुपये-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का खेल चल रहा था। जुआरियों को शायद अंदाजा नहीं था कि पुलिस की नजर उनकी इस महफिल तक पहुंच चुकी है। चकरभाठा पुलिस ने इस बार वर्दी में नहीं, बल्कि ग्रामीण वेशभूषा में पहुंचकर घेराबंदी की और रेड मार दी।
पुलिस की दबिश पड़ते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि घेराबंदी में चार जुआरियों को पुलिस ने पकड़ लिया। मौके से 15,730 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश, टेंट में इस्तेमाल प्लास्टिक की बोरी-फट्टी, पीले रंग की तिरपाल, एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त मशरूके की कुल कीमत 95,730 रुपए बताई गई है।
मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरैया स्थित अरपा नदी के किनारे का है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय बिल्हा के समक्ष पेश किया गया।
मुखबिर ने दी खबर, फिर तैयार हुई ‘गुप्त’ रेड की रणनीति
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी चकरभाठा निरीक्षक भावेश शेंडे को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट और झिल्ली लगाकर अवैध रूप से 52 पत्ती ताश से जुआ खिलाया और खेला जा रहा है।
सूचना मिलते ही उसकी तस्दीक और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की गई। इस बार पुलिस ने सामान्य तरीके से मौके पर पहुंचने के बजाय ग्रामीण वेशभूषा का सहारा लिया, ताकि जुआरियों को पुलिस की भनक न लगे। टीम मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची और आसपास से घेराबंदी कर दी।
टेंट के नीचे चल रहा था रुपये-पैसों का दांव
पुलिस के मौके पर पहुंचने पर जुआरियों के बीच 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का खेल चल रहा था। पुलिस की घेराबंदी होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ जुआरी मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों से पूछताछ में उनकी पहचान सामने आई।
गिरफ्तार आरोपी
मलेश साहू, पिता रामभरोस साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम पिरैया, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर।
संदीप भारद्वाज, पिता साहेब लाल भारद्वाज, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम पिरैया, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर।
साहिल घोषले, पिता सोनदास घोषले, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम पिरैया, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर।
चंद्रप्रकाश भार्गव, पिता शिवनारायण भार्गव, उम्र 42 वर्ष, निवासी दुर्गडीह, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर।
फड़ से निकले 15,730 रुपए, मोबाइल और बाइक भी जब्त
पुलिस ने जुआरियों के फड़ से कुल 15,730 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा 52 पत्ती ताश, एक नग प्लास्टिक की बोरी-फट्टी और एक नग पीले रंग की तिरपाल जब्त की गई।
जुआरियों से जुड़ी एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BY 6140 भी पुलिस ने कब्जे में ली। इसके साथ ही मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनमें विवो कंपनी के तीन मोबाइल और ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल शामिल है।
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत 95,730 रुपए है।
पूछताछ में सामने आया संगठित तरीके से जुआ चलाने का खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य फरार आरोपियों के साथ मिलकर संगठित रूप से जगह बदल-बदलकर जुआ खेलने और खिलाने की बात स्वीकार की।
इसी आधार पर मामले में धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस के अनुसार संगठित रूप से जुआ खेलते पाए जाने पर आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध की श्रेणी में पाया गया। इसके बाद चारों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक बिलासपुर जिले में संगठित अपराधों को संचालित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) ने दिए हैं।
इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बिलासपुर श्रीमती मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चकरभाठा निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय बिल्हा के समक्ष पेश किया गया।
जब्ती एक नजर में
नकद रकम: 15,730 रुपए
52 पत्ती ताश: 1 गड्डी
प्लास्टिक बोरी-फट्टी: 1 नग
पीले रंग की तिरपाल: 1 नग
होंडा एसपी शाइन बाइक: CG 10 BY 6140
विवो मोबाइल: 3 नग
ओप्पो मोबाइल: 1 नग
कुल जब्त मशरूका: 95,730 रुपए
अपराध क्रमांक: 492/2026
थाना: चकरभाठा, जिला बिलासपुर
धारा: 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं 112 बीएनएस
पुलिस की अपील: आमजन किसी भी अपराध अथवा अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल 112, पुलिस कंट्रोल रूम या थाना चकरभाठा में देकर पुलिस को सहयोग प्रदान करें।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।