Latest news

नाबालिगों की ‘क्राइम गैंग’… कहीं चाकू, कहीं शराब, कहीं डंडे के दम पर लूट

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
11 Min Read

बिलासपुर में 24 घंटे में अपराध के तीन चेहरे बेनकाब: रतनपुर में 3 नाबालिग समेत 5 ने आधी रात युवक को लूटा, बिल्हा में 2 नाबालिग 40 पाव शराब के साथ पकड़े गए, तोरवा में नाबालिग के हाथ में मिला बटनदार चाकू


केस हिस्ट्री-1 | रतनपुर: आधी रात महामाया चौक पर घेरा, डंडा दिखाकर 1200 रुपए लूटे
बिलासपुर। बिलासपुर में नाबालिगों की अपराध में बढ़ती संलिप्तता ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। बीते 24 घंटे में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आए तीन मामलों में नाबालिगों की भूमिका चाकूबाजी, अवैध शराब परिवहन और लूट की वारदात में सामने आई है। इनमें सबसे गंभीर मामला रतनपुर का है, जहां आधी रात महामाया चौक पर एक युवक को घेरकर डंडे के दम पर पैसे लूटने के आरोप में पुलिस ने तीन नाबालिग समेत पांच लोगों को घटना के चंद घंटों में पकड़ लिया।
दूसरी ओर बिल्हा पुलिस ने दो नाबालिगों को स्कूटी से 40 नग देशी प्लेन शराब ले जाते पकड़ा। उनके कब्जे से 7.2 लीटर शराब और परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की गई। वहीं तोरवा में रात्रि गश्त के दौरान एक युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से दो बटनदार धारदार चाकू बरामद हुए।
तीनों घटनाएं एक ही सवाल खड़ा करती हैं—क्या अपराध की दुनिया में नाबालिगों की एंट्री अब पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है?
केस हिस्ट्री-1: रतनपुर में आधी रात लूट, तीन नाबालिग समेत पांच गिरफ्तार
रतनपुर पुलिस ने महामाया चौक पर लूट की वारदात के चंद घंटों के भीतर तीन विधि से संघर्षरत बालकों समेत पांच आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 1000 रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया गया है।
अस्पताल से घर लौट रहा था युवक, रास्ते में घेर लिया
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त 2026 को ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर आया था। इलाज के बाद वह वापस घर जा रहा था। रात करीब 12 बजे वह महामाया चौक रतनपुर में कृष्णा ट्रेडर्स के पास पहुंचा।
इसी दौरान ऑटो क्रमांक CG 10 CD 7944 में सवार कुछ लड़के वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने प्रार्थी को रोका, गाली-गलौज की और पैसे की मांग की। युवक ने पैसे नहीं होने की बात कही तो ऑटो सवारों ने हाथ में रखे डंडे का भय दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपियों ने युवक की पैंट से 1200 रुपए निकाल लिए और मौके से भाग गए।
रिपोर्ट मिलते ही रात में शुरू हुई तलाश
युवराज सिंह की रिपोर्ट पर रतनपुर थाने में अपराध दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर आरोपियों और घटना में इस्तेमाल ऑटो की तलाश शुरू की गई।
पुलिस को जांच के दौरान संदेहियों के ईमलीभाठा, सरकंडा क्षेत्र से होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने रात में ही संदिग्धों के घरों की घेराबंदी की।
पुलिस ने राहुल दुबे (25), पिता रामजी दुबे, निवासी ईमलीभाठा सरकंडा और पवन कुमार गौहर (19), पिता कगरधारी गौहर, निवासी ईमलीभाठा सरकंडा, थाना सरकंडा को पकड़ा। इनके साथ तीन अन्य विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के सामने लूट की वारदात स्वीकार की। उनके कब्जे से 1000 रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया गया। सभी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कार्रवाई में योगदान: थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सउनि नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप, देवानंद चन्द्राकर, बसंत मानिकपुरी, हरनारायण नेटी, मोरध्वज चन्द्रा और धनराज कुम्भकार की भूमिका रही।


केस हिस्ट्री-2: बिल्हा में ‘नाबालिग शराब कोचिया’—स्कूटी की डिक्की और झोले में छिपाकर ले जा रहे थे 40 पाव
बिल्हा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अपचारी बालकों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक दोनों दगौरी शराब भट्ठी से देशी शराब खरीदकर स्कूटी से परिवहन कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से देशी मदीरा प्लेन के 40 नग, कुल 7.200 लीटर शराब, जिसकी कीमत 3600 रुपए बताई गई है, बरामद की। शराब ले जाने में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG 10 BS 1029 भी जब्त की गई।
मुखबिर ने दी सूचना, रेलवे फाटक पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना स्तर पर सिविल टीम गठित की गई।
टीम ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क कर अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान 17 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दगौरी शराब भट्ठी से बड़ी मात्रा में शराब खरीदकर दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक CG 10 BS 1029 से जा रहे हैं। पीछे बैठे व्यक्ति के पास सफेद रंग का झोला होने की जानकारी भी दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिल्हा ने सिविल टीम को सक्रिय किया। टीम ने उड़गन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोक लिया।
झोले में 20, डिक्की में 20 नग
पूछताछ में स्कूटी चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों अपचारी बालक पाए गए। तलाशी लेने पर पीछे बैठे बालक के सफेद प्लास्टिक झोले से 20 नग देशी प्लेन शराब मिली। इसके अलावा स्कूटी की डिक्की के अंदर भी 20 नग देशी प्लेन शराब रखी थी।
इस तरह कुल 40 नग, मात्रा 7.200 लीटर, कीमत 3600 रुपए की शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब और स्कूटी जब्त कर दोनों अपचारी बालकों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में योगदान: थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा, करण राज बघेल, आरक्षक 1390 संतोष मरकाम और आरक्षक 1210 सुमन चंद्रवंशी का विशेष योगदान रहा।


केस हिस्ट्री-3: तोरवा में गश्त के दौरान खुला चाकूबाजी का राज, नाबालिग समेत दो पकड़े
तोरवा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक को बटनदार धारदार चाकू के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से दो स्टील के बटनदार धारदार चाकू बरामद किए गए।
मामले में थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 438/2026 दर्ज कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
शंकर नगर के पास पुलिस ने रोका
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों और चाकूबाजों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 अगस्त 2026 की रात पुलिस टीम शंकर नगर क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
शंकर नगर के पास पुलिस को दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। टीम ने दोनों को रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 02 नग स्टील के बटनदार धारदार चाकू बरामद हुए।
पूछताछ में एक की पहचान सुमीत कुर्मी (22), पिता विष्णु कुर्मी, निवासी शंकर नगर, बांबे आवास, तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। दूसरा व्यक्ति हेमूनगर, तोरवा निवासी विधि से संघर्षरत बालक पाया गया।
मुख्य आरोपी सुमीत कुर्मी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
वहीं विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड अधिनियम के प्रारूप-01 नियम 8(1), 8(5) के तहत सामाजिक पृष्ठभूमि तथा प्रारूप-02 नियम 8(7) के तहत पारिवारिक पृष्ठभूमि तैयार की गई। इसके बाद उसे किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।
तीन घटनाएं, एक बड़ा सवाल… नाबालिग अपराधियों तक पहुंच रहे हथियार, शराब और लूट का रास्ता
रतनपुर, बिल्हा और तोरवा की इन तीन कार्रवाइयों में भले ही अपराध अलग-अलग हों, लेकिन तीनों मामलों में नाबालिगों की मौजूदगी पुलिस और समाज दोनों के लिए गंभीर संकेत है। एक मामले में नाबालिग लूट की वारदात में शामिल मिला, दूसरे में शराब के अवैध परिवहन में और तीसरे में धारदार बटनदार चाकू के साथ पकड़ा गया।
रतनपुर में आधी रात डंडे के दम पर युवक से पैसे लूटने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। बिल्हा में नाबालिगों के जरिए शराब परिवहन का मामला सामने आया है, जबकि तोरवा में नाबालिग के कब्जे से चाकू बरामद हुआ है।
पुलिस कार्रवाई ने तीनों मामलों में आरोपियों तक तेजी से पहुंच बनाई, लेकिन इन घटनाओं ने यह सवाल भी सामने ला दिया है कि नाबालिगों को अपराध की ओर धकेलने वाले नेटवर्क और उनके पीछे मौजूद लोगों तक पुलिस कब पहुंचेगी।
पुलिस की सख्ती जारी
बिलासपुर पुलिस की ओर से अवैध शराब, चाकूबाजी, लूट और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। इन मामलों में पुलिस ने अलग-अलग स्तर पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा और जब्ती की कार्रवाई की है। वहीं नाबालिगों के मामलों में किशोर न्याय कानून के तहत प्रक्रिया अपनाई गई है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।