


बिलासपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण कार्यालय में प्रांतीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र मिट्टी रही। मिट्टी को कलशों में रखकर भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण के सभी 14 मंडलों के लिए रवाना किया गया। मंडलों में पहुंचने पर इन कलशों का कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर संत रविदास महाराज के जीवन, संघर्ष और सामाजिक संदेश को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
कर्म और आचरण से हो व्यक्ति का मूल्यांकन : सुशांत शुक्ला
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि करीब 650 वर्ष पहले संत रविदास महाराज ने समाज को समानता और एकरूपता का संदेश दिया था, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने व्यक्ति का मूल्यांकन जन्म या वर्ण के आधार पर नहीं, बल्कि उसके कर्म और आचरण के आधार पर करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज के विचार सामाजिक भेदभाव समाप्त कर समतामूलक समाज की स्थापना का मार्ग दिखाते हैं। उनके विचारों से निकला सामाजिक समरसता का बीज आज भी समाज को दिशा दे रहा है। गुरु रविदास महाराज का संदेश किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों में सामाजिक एकता, सद्भाव, श्रम की प्रतिष्ठा और मानव-मानव के बीच समानता का भाव है।
विधायक ने कहा कि इन विचारों को केवल आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समतामूलक समाज की परिकल्पना भाजपा की विचारधारा के मूल भावों से जुड़ी है और समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर व सम्मान देकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करना पार्टी का उद्देश्य है।
मंडल स्तर पर होंगे कार्यक्रम : मोहित जायसवाल
भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण मोहित जायसवाल ने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी भाईचारा और सद्भाव बढ़ाने का काम करेंगे। गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से लाई गई मिट्टी को कलश में रखकर मंडलों तक पहुंचाना इसी भावना का प्रतीक है। अभियान के जरिए लोगों को संत रविदास महाराज के जीवन, संघर्ष और सामाजिक संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इन 14 मंडलों में पहुंचेगी पवित्र मिट्टी
भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण के अंतर्गत कोटा, रतनपुर, बेलगहना, करगीकला, बेलतरा उत्तर, बेलतरा दक्षिण, बेलतरा पूर्व, बेलतरा पश्चिम, सीपत, देवरीखुर्द, मस्तूरी, जयरामनगर, लोहर्सी और मल्हार मंडलों में कलश पहुंचाए जाएंगे। प्रत्येक मंडल में कलश का स्वागत करने के साथ संत रविदास महाराज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।







कार्यशाला के दौरान ‘समरसता-सद्भाव-सेवा’ के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर, महामंत्री जनकराम देवांगन, जिला संयोजक प्रणव शर्मा, रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप, अनुसूचित जाति प्रदेश महामंत्री प्रकाश सूर्या, जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र अग्रहरि, जिला मंत्री राजकुमार साहू, जिला मंत्री कुंती मेहर, जिला मंत्री धरम शीला, वार्ड पार्षद तिलक साहू, रतनपुर गिरजाबंद मंदिर के पुजारी तारकेश्वर पुरी महाराज, पुरुषोत्तम महाराज सहित सभी 14 मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल प्रभारी, सह प्रभारी, जिला एवं मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और आध्यात्मिक रहा। भाजपा ने अभियान के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने तथा संत रविदास महाराज के समतामूलक समाज के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



