
रायपुर। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने हर्ष जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी को भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
विभा अवस्थी ने कहा कि रूपकुमारी चौधरी का संगठन के प्रति समर्पण, जमीनी स्तर पर कार्य करने का लंबा अनुभव और महिलाओं के बीच सक्रिय भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा को नई ऊर्जा और दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
जिला पंचायत सदस्य से सांसद तक का सफर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रूपकुमारी चौधरी ने जिला पंचायत सदस्य से लेकर विधायक, संसदीय सचिव और सांसद तक का सफर तय किया है। संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका व्यापक राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव देशभर की महिला कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को नई ऊंचाइयां मिली हैं। ऐसे समय में रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना महिला शक्ति को और अधिक संगठित एवं सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बूथ स्तर तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
विभा अवस्थी ने विश्वास जताया कि रूपकुमारी चौधरी के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा बूथ स्तर तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, संगठन को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि रूपकुमारी चौधरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से छत्तीसगढ़ की महिला कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है। उनके राष्ट्रीय नेतृत्व में आने से प्रदेश की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने पुनः रूपकुमारी चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करेगा और महिला सशक्तीकरण के संकल्प को नई गति मिलेगी।



