
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राज्य के शासकीय और निजी महाविद्यालयों में अब 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश लिया जा सकेगा। जिन कॉलेजों में सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दाखिला ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिया है।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इसे छात्रहित में लिया गया फैसला बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल ध्येय प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले सके। सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की तिथियां निकल जाने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तारीख 31 अगस्त तक बढ़ाई गई है।
पहले 31 जुलाई थी प्राचार्य स्तर पर अंतिम तारीख
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, इससे पहले जारी आदेश में प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई थी। इसके बाद कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश का प्रावधान था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रदेश के कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गईं।
वहीं, दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कई अभ्यर्थी विभिन्न कारणों से तय समय पर आवेदन नहीं कर सके। विद्यार्थियों की इस स्थिति और महाविद्यालयों में रिक्त सीटों को देखते हुए शासन ने प्रवेश की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
मंत्री ने विद्यार्थियों से की अपील
मंत्री टंक राम वर्मा ने विद्यार्थियों से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी योग्य विद्यार्थी उच्च शिक्षा के अवसर से वंचित न हो। 31 अगस्त तक बढ़ाई गई प्रवेश अवधि से उन विद्यार्थियों को एक और मौका मिलेगा, जो निर्धारित समय सीमा में दाखिला नहीं ले पाए थे।
हजारों विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
शासन के इस फैसले से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के ऐसे विद्यार्थी, जो समय पर कॉलेज में प्रवेश नहीं ले सके हैं, अब रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश की प्रक्रिया संबंधित महाविद्यालयों में उपलब्ध सीटों और विभागीय निर्देशों के अनुसार होगी।



