


बिलासपुर। त्रिवेणी नगर स्थित चंद्रा भवन में चंद्रा विकास समिति बिलासपुर की महिला समिति की ओर से छत्तीसगढ़ के पहले तिहार हरेली के अवसर पर हरेली मिलन एवं सावन सुंदरी-सावन किंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती बिमला चंद्रा ने सावन सुंदरी और रविकांत चंद्रा ने सावन किंग का खिताब अपने नाम किया। विजेताओं को समाज के लोगों ने बधाई दी और फूल-मालाओं से सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। हरेली पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए महिलाओं ने छत्तीसगढ़ के इस प्रमुख कृषि पर्व के तहत कृषि औजारों एवं सामग्री तथा नंदी बैल की पूजा की और मां धरती से अच्छी फसल एवं बेहतर उपज की कामना की।
हरे रंग के परिधान में सजीं महिलाएं
महिला समिति की अध्यक्ष लखेश्वरी चंद्रा एवं हेमा चंद्रा ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी हरेली मिलन के साथ सावन सुंदरी एवं सावन किंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। सावन सुंदरी प्रतियोगिता में महिलाओं के लिए हरे रंग की साड़ी के साथ बिंदी, चूड़ी, नेल पेंट, गले एवं कान का श्रृंगार, मेहंदी और आलता समेत आठ प्रकार के पहनावे एवं श्रृंगार को प्रतियोगिता का हिस्सा बनाया गया।
प्रतियोगिता के लिए दो राउंड रखे गए। पहले राउंड में म्यूजिकल राउंड और दूसरे राउंड में नींबू-चम्मच दौड़ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में लगभग 35 महिला सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए श्रीमती बिमला चंद्रा ने सावन सुंदरी का खिताब हासिल किया। वहीं रविकांत चंद्रा सावन किंग चुने गए।
समाज के वरिष्ठ सदस्य भी हुए शामिल
कार्यक्रम में महिला समिति की लखेश्वरी, हेमा, गंगा, रोशनी, प्रीति, अर्चना, उषा, मीना, वीणा, सुनीता, पूर्णिमा, लक्ष्मी एवं अन्य सदस्य शामिल हुईं। समिति के अध्यक्ष श्याम लाल चंद्रा के साथ कन्हैया, गणेश, राधे, माधव, कंचन, गनपत, गोपी, भुनेश्वर, राजेंद्र, ओमकार, जीवन प्रकाश समेत समाज के बड़ी संख्या में वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन लखेश्वरी, हेमा, रोशनी, प्रीति, पूर्णिमा एवं लक्ष्मी ने किया। अंत में श्रीमती रोशनी चंद्रा ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन में हरेली पर्व की परंपरा, सावन की उमंग और सामाजिक एकजुटता का उत्साह देखने को मिला।
आयोजक: श्रीमती लोकेश्वरी चंद्रा, अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ, चंद्रा विकास समिति बिलासपुर।



