Latest news

शराब दुकान परिसर में ऑटो चालक की गला काटकर हत्या, बाइक से भागा आरोपी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

देवरीखुर्द में शाम 5 बजे वारदात; शराब पीने बैठा था 56 वर्षीय शिवनंदन साहू, CCTV फुटेज खंगाल रही तोरवा पुलिस
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित शराब दुकान परिसर में सोमवार शाम एक ऑटो चालक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
मृतक की पहचान शिवनंदन साहू (56), पिता शंभू साहू, निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।


ऑटो खड़ा कर शराब पीने बैठा था, तभी हमला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब 5 बजे शिवनंदन साहू अपना ऑटो शराब दुकान परिसर में खड़ा कर वहां शराब पीने बैठा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और धारदार हथियार से शिवनंदन के गले पर हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि शिवनंदन साहू बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से वहां से फरार हो गया।

शराब दुकान परिसर में हत्या से मचा हड़कंप
शराब दुकान परिसर में हत्या की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तोरवा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतक के परिचितों और घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि हमलावर कौन था और हत्या के पीछे क्या वजह रही।
फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।