Latest news

बेलतरा के खेतों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी, 12.77 करोड़ के 3 कार्य मंजूर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

दुलहरा और खारंग जलाशय की नहरों का होगा सुदृढ़ीकरण, सीसी लाइनिंग, जीर्णोद्धार और उन्नयन; किसानों को मिलेगी बेहतर सिंचाई सुविधा
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में किसानों और सिंचाई व्यवस्था के लिए तीन बड़े कार्यों को मंजूरी मिली है। दुलहरा और खारंग जलाशय से जुड़े इन कार्यों के लिए कुल 1277.22 लाख रुपए यानी 12 करोड़ 77 लाख 22 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत नहरों का सुदृढ़ीकरण, सीसी लाइनिंग, जीर्णोद्धार और उन्नयन किया जाएगा। इससे क्षेत्र की सिंचाई अधोसंरचना को मजबूत करने और नहरों की कार्यक्षमता बढ़ाने का काम होगा।
दुलहरा जलाशय के शीर्ष और नहरों का होगा सुदृढ़ीकरण
बिलासपुर जिले के दुलहरा जलाशय के शीर्ष कार्य के सुदृढ़ीकरण और नहरों में सीसी लाइनिंग के लिए 487.82 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य के तहत जलाशय से जुड़ी सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ नहरों की लाइनिंग की जाएगी।
खारंग जलाशय की पांच माइनरों का जीर्णोद्धार
खारंग जलाशय की बायीं तट मुख्य नहर के अंतर्गत खैरा डंगनिया माइनर, बाम्हु माइनर, अकलतरी माइनर, पिपरा माइनर और गड़वट माइनर के लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार के लिए 478.31 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। लंबे समय से उपयोग में आ रही इन नहरों और माइनरों के आवश्यक सुधार से सिंचाई व्यवस्था को मजबूती देने का काम किया जाएगा।
जलसों शाखा नहर और माइनरों का होगा उन्नयन
खारंग जलाशय के अंतर्गत जलसों शाखा नहर एवं माइनरों के उन्नयन और नवीनीकरण के लिए 311.09 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के पूरा होने के बाद संबंधित नहरों और माइनरों की क्षमता तथा कार्यक्षमता में सुधार किया जाएगा।
नहरों की लाइनिंग और जीर्णोद्धार से मजबूत होगी व्यवस्था
तीनों कार्यों के तहत नहरों की लाइनिंग, जीर्णोद्धार और उन्नयन किया जाएगा। इससे सिंचाई अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। लंबे समय से उपयोग में आ रही नहरों में आवश्यक सुधार होने से सिंचाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
विधायक सुशांत शुक्ला की पहल से स्वीकृति
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की दिशा में इन कार्यों की स्वीकृति को महत्वपूर्ण बताया गया है। विधायक सुशांत शुक्ला के प्रयासों से सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने वाले इन तीन कार्यों को मंजूरी मिली है। क्षेत्र के किसानों के लिए इसे सिंचाई अधोसंरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण स्वीकृति बताया गया है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा, “बेलतरा विधानसभा का विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों के खेतों तक बेहतर सिंचाई सुविधा पहुंचाना भी हमारी प्राथमिकता है। दुलहरा और खारंग जलाशय से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों से सिंचाई अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के कृषि विकास को नई गति मिलेगी।”
‘नहर मजबूत होगी, सिंचाई बेहतर होगी और किसान समृद्ध होंगे’
दुलहरा और खारंग जलाशय से जुड़े तीनों कार्यों के लिए स्वीकृत कुल 12 करोड़ 77 लाख 22 हजार रुपए जल संसाधन और कृषि विकास से जुड़े कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। नहरों के सुदृढ़ीकरण, लाइनिंग, जीर्णोद्धार और उन्नयन से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की बात कही गई है।
क्षेत्रवासियों ने इन कार्यों की स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार और विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।