Latest news

तिफरा के निजी स्कूलों पर शिक्षा विभाग की नजर… मान्यता से लेकर RTE, फीस, शिक्षक और छात्र सुरक्षा तक की हुई पड़ताल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


सत्र की पहली बैठक में स्कूल प्रबंधन से मांगा पूरा रिकॉर्ड, UDise-APAAR ID से लेकर भवन, शौचालय और खेल मैदान तक की स्थिति जांची गई
बिलासपुर। नए शैक्षणिक सत्र में निजी स्कूलों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर शिक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। संकुल केंद्र तिफरा नोडल क्षेत्र में संचालित अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के संस्था प्रमुखों की सत्र की पहली आवश्यक बैठक शनिवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल तिफरा में हुई। बैठक में केवल पढ़ाई की स्थिति ही नहीं, बल्कि स्कूलों की मान्यता, फीस संबंधी प्रक्रिया, RTE प्रवेश, शिक्षकों की संख्या, जरूरी दस्तावेज, स्कूल भवन और सबसे अहम छात्र सुरक्षा व्यवस्था तक की समीक्षा की गई।
बैठक में नोडल अधिकारी एवं संकुल प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ कश्यप, संकुल समन्वयक सुनील कुमार पाण्डेय, नोडल अधिकारी जय कौशिक और कार्यालय प्रभारी निखिल कौशिक मौजूद रहे। बैठक की व्यवस्था में डीपीएस तिफरा के प्राचार्य जसपाल सिंह का विशेष सहयोग रहा।
मान्यता से लेकर फीस समिति तक मांगा हिसाब
बैठक में स्कूल संचालकों और संस्था प्रमुखों से विद्यालय की मान्यता, बोर्ड मान्यता प्रमाण-पत्र, शिक्षण शुल्क समिति की कार्यवाही, विद्यालय भवन एवं किराया अनुबंध और शिक्षण समिति के पंजीयन से संबंधित जानकारी ली गई।
इसके साथ ही RTE के तहत प्रवेशित विद्यार्थियों की कक्षावार संख्या, UDISE पोर्टल और APAAR ID की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संस्था प्रमुखों को सभी आवश्यक दस्तावेज और अभिलेख अद्यतन रखने के लिए कहा गया।
किताबें मिलीं या नहीं, शिक्षक कितने हैं?
समीक्षा का दायरा सिर्फ कागजी रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहा। स्कूलों में पाठ्य पुस्तकों की प्राप्ति और वितरण, कक्षा 5वीं और 8वीं में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या तथा कार्यरत शिक्षक स्टाफ की जानकारी भी ली गई।
विद्यालय भवन, अध्ययन कक्ष, शौचालय और खेल मैदान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। नए सत्र में विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाओं के साथ व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
छात्र सुरक्षा पर विशेष फोकस
बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। स्कूल प्रबंधन की ओर से परिसर में अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों की जानकारी ली गई। सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहा।
संकुल समन्वयक सुनील कुमार पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सिर्फ परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को सुरक्षित, संस्कारित और गुणवत्तापूर्ण वातावरण देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सत्र की शुरुआत में स्कूलों की आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा और शासन के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई।
तिफरा नोडल क्षेत्र के कई स्कूलों के प्रमुख पहुंचे
बैठक में सेंट पॉल, तक्षशिला, सरस्वती शिशु मंदिर यदुनंदन नगर, पुष्कर कॉन्वेंट, पूजा शिशु मंदिर, RNM पब्लिक स्कूल, गायत्री शिशु निकेतन, केडी पब्लिक स्कूल, सिल्वर बेल, केंद्रीय स्कूल, ज्ञानदीप, कमला ज्ञान, इंडिया एंजेल, अंकित विद्यालय, विंध्या पब्लिक और केआरके मेमोरियल सहित तिफरा नोडल क्षेत्र के विभिन्न अशासकीय विद्यालयों के संस्था प्रमुख उपस्थित रहे।
शिक्षा की गुणवत्ता के साथ व्यवस्था भी जांच के दायरे में
सत्र की शुरुआत में हुई इस बैठक में शिक्षा विभाग ने निजी विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था, दस्तावेजों की स्थिति, विद्यार्थियों के प्रवेश और पहचान संबंधी रिकॉर्ड, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को एक साथ समीक्षा के दायरे में रखा।
बैठक का फोकस नए सत्र में प्रत्येक विद्यालय में बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और व्यवस्थित शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर रहा, ताकि 2026-27 का शैक्षणिक सत्र गुणवत्तापूर्ण और परिणामदायी बनाया जा सके।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।