Latest news

बाबा बैद्यनाथ में जलाभिषेक के लिए बिलासपुर से कांवरियों का जत्था रवाना

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

भोले भंडारी सेवा समिति 26 साल से कर रही सुल्तानगंज से देवघर तक 115 किमी की पदयात्रा, 13 अगस्त को करेंगे जलाभिषेक

बिलासपुर। सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए बिलासपुर से कांवरियों का जत्था शनिवार को रवाना हुआ। भोले भंडारी सेवा समिति के नेतृत्व में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु साउथ बिहार एक्सप्रेस से बाबा धाम के लिए रवाना हुए। रेलवे स्टेशन पर कांवरियों के पहुंचते ही ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।

भोले भंडारी सेवा समिति पिछले 26 वर्षों से सावन में सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम तक पदयात्रा कर रही है। समिति के सतीश सिंह और विकास शुक्ला के नेतृत्व में श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर कांवर के साथ करीब 115 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। श्रद्धालु नंगे पैर यह यात्रा पूरी कर बाबा बैद्यनाथ को गंगाजल अर्पित करेंगे।

13 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक

कांवरियों का जत्था 13 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेगा। इसके बाद उसी दिन बासुकीनाथ धाम में भी पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया जाएगा। श्रद्धालु 15 अगस्त को वापस बिलासपुर लौटेंगे। यात्रा के दौरान समिति की ओर से बिलासपुर शहर और पूरे छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना की जाएगी।

26 साल पहले शुरू हुई थी यात्रा

समिति के सतीश सिंह और विकास शुक्ला ने बताया कि जब 26 साल पहले बाबा बैद्यनाथ की धार्मिक यात्रा शुरू की गई थी, तब सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पदयात्रा करना काफी कठिन था। रास्ते कंटीले थे और सड़कें भी अच्छी स्थिति में नहीं थीं। बारिश के दिनों में गुढ़ियारी नदी में बाढ़ आने से कांवरियों को काफी परेशानी होती थी। इसके बावजूद श्रद्धालुओं ने आस्था और संकल्प नहीं छोड़ा और हर साल गंगाजल लेकर पदयात्रा जारी रखी।

मनोकामना ज्योतिर्लिंग में आस्था

श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबा बैद्यनाथ मनोकामना ज्योतिर्लिंग हैं। सावन के महीने में सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ को अर्पित करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के चलते हर साल बड़ी संख्या में बिलासपुर और आसपास के श्रद्धालु इस कठिन पदयात्रा में शामिल होते हैं।

यात्रा में भोले भंडारी सेवा समिति के सतीश सिंह, विकास शुक्ला, सीईओ कृष्ण मोहन पांडे, रगा नादम, राजेंद्र भंडारी, विजय ताम्रकार, दिनेश निर्मलकर, पंकज तिवारी, सतीश नादम, दुर्गा सोनी, चंदू मिश्रा, हरीश राठौर, रमेश शुक्ला, बाला गुप्ता, लालू गुप्ता, राजू गुप्ता, विवेक गुप्ता, हरिकिशन सोनी, विजय शर्मा, रेजी नायर, अजय श्रीवासन, आशीष शुक्ला, शैलेंद्र यादव, बिट्टू शुक्ला, रणजीत सिंह, राकेश सिद्धार्थ, राजकुमार तिवारी, शिवम पांडे, दीपक बुधौलिया, रणविजय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।