Latest news

बेलतरा को ₹3.61 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 10 गांवों में सामुदायिक भवन और 11 जगह बनेंगी सीसी सड़कें

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर 3.61 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर बिल्हा विकासखंड की ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन निर्माण और सीसी रोड निर्माण के लिए प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। इनमें 10 गांवों में सामुदायिक भवन और 11 स्थानों पर सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।


सामुदायिक भवनों के लिए ₹1.59 करोड़ मंजूर
छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बिल्हा विकासखंड की 10 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए मंडी बोर्ड निधि से कुल 1 करोड़ 59 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक भवन की अनुमानित लागत 15.90 लाख रुपए निर्धारित की गई है।
जिन ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे उनमें अकलतरी, बाम्हू, बांका, बसहा, भाडी, भरारी, भिल्ली, बिटकुली (उ), चोरहा देवरी और धौरामुड़ा शामिल हैं। इन सभी गांवों के लिए समान रूप से 15.90-15.90 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
11 स्थानों पर सीसी रोड निर्माण के लिए ₹2.02 करोड़ की स्वीकृति
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के बिल्हा विकासखंड में विभिन्न ग्राम पंचायतों में सीसी रोड निर्माण के 11 कार्यों के लिए 2 करोड़ 2 लाख 55 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई है। इन कार्यों में परसदा (स), लखराम, लोफन्दी, धौरामुड़ा, खैरखुंडी, कोरबी, भिल्मि, लगरा और पौसरा सहित विभिन्न गांवों में सड़क निर्माण शामिल है।
स्वीकृत राशि के अनुसार परसदा (स) में एक कार्य के लिए 14.80 लाख और दूसरे कार्य के लिए 20.01 लाख रुपए, लखराम के लिए 37 लाख रुपए, लोफन्दी के लिए 12.33 लाख रुपए, धौरामुड़ा के लिए 24.66 लाख रुपए, खैरखुंडी के लिए 36.95 लाख रुपए, कोरबी के लिए 19.73 लाख रुपए, भिल्मि के लिए 9.87 लाख रुपए, लगरा के लिए 9.87 लाख रुपए तथा पौसरा में दो अलग-अलग कार्यों के लिए 5.33 लाख और 12 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।
इन सड़कों के निर्माण से स्कूल, मुख्य मार्ग, बाजार, घरों और बस्तियों को जोड़ने वाले रास्ते बेहतर होंगे। ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी।
गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता : विधायक
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन और बेहतर सड़कें ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं तथा क्षेत्र की जनता की जरूरतों और मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी नए विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।