
बिलासपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने संगठन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नई जिम्मेदारियों का निर्धारण किया है। इसी क्रम में भाजयुमो बिलासपुर शहर के जिला उपाध्यक्ष महर्षि बाजपेयी को भाजयुमो बिलासपुर मध्य मंडल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
महर्षि बाजपेयी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन की विभिन्न गतिविधियों में भूमिका निभाते रहे हैं। उन्हें बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल का करीबी भी माना जाता है। संगठनात्मक कार्यक्रमों, सामाजिक अभियानों और युवाओं के बीच उनकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद महर्षि बाजपेयी ने बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता सहित प्रदेश एवं जिला संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर मध्य मंडल में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा पार्टी की विचारधारा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।
महर्षि बाजपेयी की नियुक्ति पर भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बिलासपुर मध्य मंडल में युवा मोर्चा का संगठन और अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावी होगा।



