



केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू की पहल रंग लाई, नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद मिली स्वीकृति; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सांसद संतोष पाण्डेय भी रहे मौजूद
नई दिल्ली/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क और आधारभूत संरचना के विस्तार की दिशा में गुरुवार को बड़ा फैसला सामने आया। लंबे समय से बहुप्रतीक्षित डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू की पहल और लगातार किए गए प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है। परियोजना को स्वीकृति मिलने के साथ ही राज्य में रेल कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास, माल परिवहन और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सांसद बनने के बाद से ही तोखन साहू इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर केंद्रीय रेल मंत्रालय के समक्ष छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं, क्षेत्रीय आवश्यकताओं और आर्थिक विकास की संभावनाओं को प्रमुखता से उठाया। लगातार संवाद और समन्वय के बाद आखिरकार परियोजना को मंजूरी मिल गई।
नई दिल्ली में हुई अहम बैठक, शीर्ष नेतृत्व ने रखा पक्ष
परियोजना को लेकर गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना के अलावा बस्तर अंचल में रेल नेटवर्क के विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के बाद परियोजना को औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
रेल लाइन से उद्योग, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन को छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं में माना जा रहा है। इसके निर्माण से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, माल परिवहन आसान होगा, खनिज और कृषि उत्पादों की आवाजाही में सुविधा बढ़ेगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना है।
‘जनता के सपने को साकार करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि’ : तोखन साहू
परियोजना की मंजूरी पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने कहा कि सांसद बनने के बाद से ही बिलासपुर लोकसभा और पूरे छत्तीसगढ़ के विकास को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।
उन्होंने कहा,
“सांसद बनने के बाद से ही बिलासपुर लोकसभा और छत्तीसगढ़ के विकास को गति देना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन की यह बहुप्रतीक्षित स्वीकृति हमारे उस संकल्प की सिद्धि है। यह नई रेल लाइन केवल दूरी कम नहीं करेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार और उद्योगों के लिए प्रगति के नए द्वार खोलेगी। जनता जनार्दन के इस सपने को पूरा करने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का कोटि-कोटि धन्यवाद।”
छत्तीसगढ़ के रेल विकास में माना जा रहा महत्वपूर्ण कदम
डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन परियोजना की मंजूरी को छत्तीसगढ़ के रेल बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से राज्य के कई जिलों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा, क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और भविष्य में औद्योगिक निवेश के लिए भी नए अवसर तैयार होंगे।



