ब्रेकिंग न्यूज़ | बिलासपुर
बिलासपुर। जिले के दो थाना क्षेत्रों में सामने आए दो अलग-अलग मामलों ने सनसनी फैला दी है। कोटा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि सीपत थाना क्षेत्र में एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
कोटा: किराना दुकान के विवाद में हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदुर निवासी सिदेशी बघेल (42) की बांस के डंडे से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार आरोपी अंकुश रजक (ग्राम खुरदुर) और निखिल यादव (ग्राम कलार तराई) किराना दुकान से सामान लेकर बाद में पैसे देने की बात कह रहे थे। इसी दौरान मृतक ने दुकानदार से तत्काल भुगतान कराने की बात कही, जिस पर विवाद बढ़ गया। गुस्साए दोनों आरोपियों ने बांस के डंडे से हमला कर दिया, जिससे सिदेशी बघेल की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीपत: किसान का शव बाड़ी में मिला, गले पर चोट के निशान
वहीं सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया में 28 वर्षीय किसान चंद्रप्रकाश पटेल का शव बुधवार शाम उनके घर के पीछे बाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। गले पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि शादीशुदा होने के बावजूद मृतक का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। परिजनों ने युवती के परिवार पर संदेह जताया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
खबर में अपडेट जारी है



