बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मैट्रिक चौक के पास शनिवार रात शराब पीने के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा विवाद भड़का कि पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हो गई। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 541/2026 में बीएनएस की धारा 296, 351(3), 118(1), 3(5) तथा अपराध क्रमांक 544/2026 में धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना 26 जुलाई की रात करीब 8 बजे नर्सरी गेट के सामने मैट्रिक चौक के पास हुई। पुलिस के अनुसार शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर शुरू हुए विवाद ने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हंगामे से इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और घेराबंदी की गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो धारदार चाकू और एक तलवार बरामद की गई, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे। घेराबंदी के दौरान भागते समय वे गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें भी आईं। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रोशन मंडावी (23) निवासी आदर्श नगर, सोनू मरावी (20) निवासी परसदा आवासपारा, सुनील निर्मलकर (28) निवासी रुचिका विहार, नरेंद्र यादव (22) निवासी रुचिका विहार, हर्ष फ्रांसिस (18) निवासी आदर्श नगर छोटा डबरी, एन. हरिश (19) निवासी भवानी नगर, निखिल मानिकपुरी (19) तथा ओम प्रकाश लहरे (23) निवासी मैट्रिक चौक शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हिंसा, हथियारों के साथ उत्पात और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



