लगातार बारिश के बीच प्रशासन और पुलिस अलर्ट, पुल-पुलियों पर बहते पानी को पार न करने की सख्त अपील
वीडियो में देखिए जान खतरे में कैसे डाल रहे हैं लोग
बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कई पुल-पुलियों और सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें, क्योंकि एक छोटी सी गलती भी बड़ा हादसा बन सकती है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिन स्थानों पर सड़क या पुल के ऊपर से पानी बह रहा हो, वहां किसी भी परिस्थिति में आवागमन करने का प्रयास न करें। तेज बहाव की वास्तविक स्थिति का अनुमान लगाना मुश्किल होता है और कई बार सामान्य दिखने वाला बहाव भी लोगों और वाहनों को अपनी चपेट में ले सकता है। ऐसे में जोखिम उठाने के बजाय सुरक्षित मार्ग का ही उपयोग करें।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। जरूरत के मुताबिक सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। प्रशासन की टीमें भी लगातार निगरानी में जुटी हैं।
कलेक्टर ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सतर्कता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में सभी नागरिक प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और जलभराव, उफनते नदी-नालों तथा बहते पुल-पुलियों से दूर रहें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।



