Latest news

क्राइम अलर्ट… बिलासपुर में पुलिस का एक्शन मोड, झपटमार गैंग गिरफ्तार, फरार दुष्कर्म आरोपी दबोचा, अड्डेबाजों पर भी चला शिकंजा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

बिलासपुर।
जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करते हुए झपटमारी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को भी सिरगिट्टी पुलिस ने दबिश देकर पकड़ लिया। इसके अलावा सार्वजनिक शांति भंग करने और अड्डेबाजी करने वाले 10 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
मोबाइल झपटकर भागे 6 आरोपी गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद
कोटा थाना पुलिस ने राहगीर से मोबाइल झपटमारी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और झपटा गया नथिंग कंपनी का मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 को ग्राम जोगीपुर निवासी 19 वर्षीय योगेश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी अमित बिरको के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहा था। सूरजपुर पुल के पास स्प्लेंडर बाइक सवार युवकों ने इमरजेंसी कॉल करने का बहाना बनाकर उसे रोका। मोबाइल हाथ में लेते ही आरोपी उसे झपटकर भाग निकले और जाते-जाते उसकी मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया।
प्रकरण में थाना कोटा में धारा 304(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
ऐसे पहुंचे आरोपियों तक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज ने विशेष टीम गठित की।
मुखबिर की सूचना और पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने राकेश पोर्ते, दिव्यांशु कोल और तुषार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपने साथियों अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल पोर्ते के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
जब्त सामग्री
नथिंग कंपनी का एक काला मोबाइल
घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
गिरफ्तार आरोपी
राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते (19), खरगना
दिव्यांशु उर्फ कोल (20), डोंगरीपारा
तुषार साहू (25), डोंगरीपारा
अभय यादव (19), डोंगरीपारा
सुरेश पोर्ते (18 वर्ष 11 माह), पीपरपारा
राहुल उर्फ भोला पोर्ते (19), पीपरपारा
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, दूसरी शादी के बाद फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार
सिरगिट्टी थाना पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अमन यादव उर्फ राजा (26), निवासी सरगांव, जिला मुंगेली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता को विवाह का झांसा देकर 21 अगस्त 2025 से लगातार दैहिक शोषण किया। बाद में आरोपी ने दूसरी शादी कर ली और पीड़िता से विवाह करने से इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर 2 मई 2026 को अपराध दर्ज किया गया था।
अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा।
छज्जे में छिपा मिला आरोपी
सिरगिट्टी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने ससुराल चोर भट्ठी कला में छिपा है। पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी घर के छज्जे में छिप गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 45/112/2024 के तहत धारा 69 एवं 296 बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अड्डेबाजी और अशांति फैलाने वालों पर भी चला पुलिस का डंडा
सिरगिट्टी थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने और अशांति फैलाने वाले 10 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस और बीट आरक्षकों ने चिन्हित स्थानों पर लगातार चेकिंग की।
कार्रवाई के दौरान 10 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में शामिल आरोपी
दीपक साहू
दुर्गाशंकर साहू
जितेंद्र साहू
डी. बालकृष्ण
शुभम श्रीवास
अमन चौधरी
अमित साहू
पराग कुमार
अगस्टीन जायसवाल
शुभम नागदौने
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक शांति भंग करने, नशाखोरी या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।