










बिलासपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस ने इसे छात्रों के संघर्ष और विपक्ष के आंदोलन की जीत बताते हुए शनिवार को बिलासपुर में विजय जुलूस निकाला। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) और जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस का विजय जुलूस कांग्रेस भवन से शुरू होकर राजेंद्र नगर चौक होते हुए अंबेडकर चौक तक निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के लंबे संघर्ष का परिणाम अब सामने आया है और उनकी जीत सुनिश्चित हुई है। उनका दावा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा प्रदेश और देशभर में कांग्रेस द्वारा किए गए आंदोलन और संघर्ष का ही असर है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा।
जुलूस के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा, “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तो झांकी है, अभी अमित शाह और नरेंद्र मोदी का इस्तीफा बाकी है।”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आगे भी शिक्षा व्यवस्था, युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी तथा जनहित के सवालों को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस दौरान, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष समीर अहमद बबला, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह, प्रमोद नायक, शहजादी कुरैशी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।



