





बिलासपुर, 25 जुलाई। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना के विरोध और करोड़ों रामभक्तों की आस्था के सम्मान में शनिवार को बिलासपुर में “श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा” निकाली गई। बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी के संकल्प पर आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में माताओं, बहनों, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने हाथों में श्रद्धा के नारियल लेकर भाग लिया। पूरे यात्रा मार्ग में “जय श्रीराम”, “जय सियाराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष गूंजते रहे और शहर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
आयोजकों ने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी से आहत श्रद्धालुओं की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। यात्रा में समर्पित किए गए सभी श्रद्धा के नारियल अयोध्या धाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के श्रीचरणों में अर्पित किए जाएंगे।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शुभारंभ
यात्रा का शुभारंभ दोपहर 1 बजे तिलक नगर स्थित दक्षिणमुखी श्रीहनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान विजय केशरवानी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, पूर्व संसदीय सचिव रश्मि सिंह, विजय पांडेय, महेश दुबे, विनोद शाहू और शिवा मिश्रा सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान की पूजा कर यात्रा को रवाना किया।
श्रीराम, माता जानकी और हनुमान की दिव्य झांकी रही आकर्षण का केंद्र
यात्रा में आकर्षक रथ पर भगवान श्रीराम, माता जानकी और पवनपुत्र हनुमान की दिव्य झांकी सजाई गई थी। कई वाहनों पर श्रीराम मंदिर के चित्र और भगवा ध्वज लगाए गए थे। भजन मंडलियां श्रीराम के भजन प्रस्तुत कर रही थीं, जबकि बैंड-बाजों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इन प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा
यात्रा तिलक नगर से प्रारंभ होकर मुक्तिधाम चौक सरकण्डा, मार्क हॉस्पिटल, गायत्री मंदिर चांटीडीह, संतोषी मंदिर, रामायण चौक, रपटा चौक, चांटीडीह सब्जी मंडी, अशोक विहार (डबरीपारा), शिव मंदिर चिंगराजपारा, स्कूल चौक, अमरैय्या चौक, प्रभात चौक, अपोलो चौक लिंगियाडीह, बजरंग मंदिर राजकिशोर नगर और मोपका चौक होते हुए मोपका बस्ती पहुंची, जहां प्रथम दिवस का समापन हुआ।
जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और प्रसाद वितरण
पूरे यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। भगवान श्रीराम की आरती उतारी गई, रामचरितमानस का सस्वर पाठ हुआ, भजन-कीर्तन आयोजित किए गए तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और शीतल पेय की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर स्वागत के लिए विशेष टेंट भी लगाए गए।
रामायण चौक में विजय केशरवानी ने वर्षों से रामायण परंपरा का निर्वहन कर रही रामायण समितियों के वरिष्ठ सदस्यों का श्रीफल एवं नारियल भेंट कर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद लिया। यात्रा के दौरान गौमाता को भी प्रसाद और चारा अर्पित किया गया।
श्रद्धालुओं ने जताया आक्रोश
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया। उनका कहना था कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली घटना है। इसी भावना के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए नारियल समर्पित किए।
विजय केशरवानी बोले- यह किसी के विरोध की नहीं, आस्था की यात्रा
इस अवसर पर विजय केशरवानी ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, सभ्यता, मर्यादा और राष्ट्रीय चेतना के आधार हैं। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि छत्तीसगढ़ होने के कारण पूरा प्रदेश भगवान श्रीराम को अपना “भांचा” मानता है। ऐसे में अयोध्या श्रीराम मंदिर में चोरी की घटना का दर्द छत्तीसगढ़ के हर श्रद्धालु के हृदय तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी के विरोध में नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण व्यक्त करने का संकल्प है। छत्तीसगढ़ के ननिहाल की ओर से समर्पित प्रत्येक श्रद्धा का नारियल अयोध्या धाम पहुंचाकर श्रीरामलला के चरणों में अर्पित किया जाएगा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और रामभक्त रहे मौजूद
यात्रा में विजय केशरवानी, सुधांशु मिश्रा, विजय पांडेय, रश्मि सिंह, शैलेष पांडेय, महेश दुबे, विनोद शाहू, भरत कश्यप, राकेश शर्मा, स्वप्निल शुक्ला, ऋषि पांडेय, शिल्पी तिवारी, सीमा घृटेश, संध्या तिवारी, अनुपा मिश्रा, पिंकी बत्रा, स्वर्णा शुक्ला, प्रियंका यादव, संतोष गर्ग, हितेश देवांगन, सकेश मिश्रा, लक्ष्मीनाथ साहू, पार्षद मोहन श्रीवास, सुनील सोनकर, द्वारासीमा शुक्ला, ओम कश्यप, शंकर कश्यप, अमित भारते, संतोष साहू, रामप्रकाश साहू, बजरंग बंजारे, रणजीत सिंह, अजय यादव, लक्की मिश्रा, विकास सिंह, सुजीत मिश्रा, देवेंद्र मिश्रा, पिंकू पांडे, महेतराम सिंगरौल, सावित्री सोनी, नवल सोनी, अमित दुबे, तरुण यादव, विक्की यादव, अजय काले, कमलेश लवहतरे, हैरी डेनियल सहित सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा हजारों रामभक्त शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
आज निकलेगी यात्रा का दूसरा चरण
आयोजकों के अनुसार “श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा” का दूसरा चरण रविवार, 26 जुलाई को सुबह 11 बजे महामाया मंदिर, बिजौर से पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ होगा।
यात्रा महामाया मंदिर (बिजौर) → बहतराई स्टेडियम → बहतराई बस्ती → नवधा रामायण चौक → अटल चौक → भक्त माता कर्मा चौक (बहतराई चौक) → सरकण्डा थाना → साइंस कॉलेज → बैमा-नगोई रोड → देवनंदन नगर → रामा ग्रीन सिटी → ड्रीम सिटी → अटल चौक → खमतराई बस्ती → मुरूम खदान → बगदाई मंदिर तक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
आयोजकों ने सभी रामभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने भांचा श्रीराम के श्रीचरणों में श्रद्धा का नारियल समर्पित करने और यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।



