Latest news

₹2,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम, बिलासपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: अमर अग्रवाल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

‘हमर बिलासपुर’ के सम्मान समारोह में बोले विधायक—शहर के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और सकारात्मक सामाजिक भागीदारी पर सरकार का फोकस, जनता के जनादेश का भी किया उल्लेख
बिलासपुर। बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा है कि शहर के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार लगभग दो से ढाई हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, आधारभूत ढांचा, जनसुविधाओं के विस्तार और दीर्घकालिक विकास योजनाओं के माध्यम से बिलासपुर को नई पहचान देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे सरकार में अपने वरिष्ठ साथियों के साथ नीति निर्माण और विधायी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं ताकि शहर के विकास को गति मिल सके।


अमर अग्रवाल शुक्रवार को बिलासपुर के लोकप्रिय सोशल मीडिया मंच ‘हमर बिलासपुर’ द्वारा आयोजित ‘कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ प्रेडिक्शन प्रतियोगिता के विजेताओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों और नागरिक समूहों की सकारात्मक भागीदारी से शहर में स्वस्थ संवाद और विकास का माहौल मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि ‘हमर बिलासपुर’ जैसी पहल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को जोड़ने और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच बन रही है। सोशल मीडिया का उपयोग यदि रचनात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाए तो समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान अमर अग्रवाल ने लोकतंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है। जिन्हें जनता ने स्वीकार नहीं किया है, उन्हें आत्ममंथन कर दोबारा जनविश्वास हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।
फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेताओं का हुआ सम्मान
सम्मान समारोह में विश्व कप फुटबॉल फाइनल पर आयोजित प्रेडिक्शन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में 432 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें 208 प्रतिभागियों ने स्पेन की जीत का अनुमान लगाया। वहीं स्पेन की 90 मिनट में 1-0 की जीत का सटीक पूर्वानुमान लगाने वाले मनीष आकाशी, विकास चौबे, सुमित पाल सलूजा, एस.एस. ठाकुर, लवलीन सलूजा, अतुल पटेल, सुरेश निर्मलकर और उत्तम तिवारी विजेता बने। अमर अग्रवाल ने सभी विजेताओं को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
‘खेल समाज को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम’
अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक समरसता का माध्यम हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक सोच और सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।
विशिष्ट अतिथियों ने भी की पहल की सराहना
कार्यक्रम में ग्रुप एडमिन एवं वरिष्ठ पत्रकार रूद्र अवस्थी, पूर्व महापौर किशोर राय, अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक, भाजपा नेता अनिल दुआ सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि वे वर्ष 1982 से फुटबॉल का अनुसरण कर रहे हैं। देश में फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के प्रति लोगों का बढ़ता उत्साह उत्साहजनक है और इस तरह के आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अमर अग्रवाल ने विजेताओं, सोशल मीडिया समूह के सदस्यों और नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में सरकार और समाज के संयुक्त प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे। जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ही किसी भी आयोजन की वास्तविक सफलता होती है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।